• उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। गोमतीनगर स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने डॉ. लोहिया के विचारों, सिद्धांतों और समाज के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया का संपूर्ण जीवन देश, समाज और आमजन के कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने सामाजिक समानता, लोकतांत्रिक मूल्यों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए सदैव आवाज उठाई। उनके विचार आज भी समाज को समानता, न्याय और जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए। भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया के विचार भारतीय लोकतंत्र और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त असमानताओं को दूर करने और आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया। उनकी पुण्यतिथि हमें उनके विचारों और सिद्धांतों को स्मरण करने के साथ ही सामाजिक समरसता, समान अवसर और जनसेवा के मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देती है।

