• यूपी डायबिटीज एसोसिएशन और आरएमएलआईएमएस की पहल, बीमारी की शुरुआती पहचान से लेकर बेहतर देखभाल तक की दी जानकारी
लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। डायबिटीज से बचाव, समय पर पहचान और बेहतर उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए उत्तर प्रदेश डायबिटीज एसोसिएशन(यूपीडीए) ने डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान(आरएमएलआईएमएस) के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। वहीं, उजरियांव स्थित अर्बन हेल्थ ट्रेनिंग सेंटर (यूएचटीसी) में आम लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक किया गया। नर्सिंग छात्रों के लिए आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य उन्हें डायबिटीज की रोकथाम, शुरुआती लक्षणों की पहचान, उपचार और मरीजों की देखभाल के संबंध में आवश्यक जानकारी देना था। कार्यक्रम में यूपी़डीए के पूर्व अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) नरसिंह वर्मा, अध्यक्ष-निर्वाचित डॉ. नानक सरन और यूपीड़ाकॉन-2026 के आयोजन सचिव डॉ. अभिषेक अरुण शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन आरएमएलआईएमएस के निदेशक प्रो. (डॉ.) सीएम सिंह के संरक्षण में किया गया। डीन प्रो. (डॉ.) राजन भटनागर, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) विक्रम सिंह और कार्यकारी कुलसचिव प्रो. (डॉ.) सुब्रत चंद्र सह-संरक्षक के रूप में शामिल रहे। कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य एवं आयोजन अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) शिव कुमार मुद्गल ने अतिथियों का स्वागत किया। कॉलेज के उपप्राचार्य प्रो. निपिन कलाल ने आयोजन सह-अध्यक्ष और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रंजना वर्मा ने आयोजन सह-सचिव की जिम्मेदारी निभाई। प्रो. (डॉ.) नरसिंह वर्मा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान स्थानीय लोगों को डायबिटीज के जोखिम कारकों, शुरुआती चेतावनी संकेतों और नियमित रूप से रक्त में ग्लूकोज की जांच कराने के महत्व के बारे में बताया गया। विशेषज्ञों ने संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। साथ ही बीमारी की समय पर पहचान, उचित उपचार और इससे होने वाली जटिलताओं से बचाव पर जोर दिया। यूपीड़ाकॉन-2026 के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से यूपी़डीए ने स्वास्थ्यकर्मियों को डायबिटीज के प्रति प्रशिक्षित करने और आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

नर्सिंग पेशेवरों की भूमिका पर दिया जोर
संस्थान के फिजियोलॉजी विभाग के सहायक प्रोफेसर, सहायक चिकित्सा अधीक्षक एवं आयोजन सचिव डॉ. शिवम वर्मा ने 'द डायबिटीज ब्लूप्रिंट : नर्सिंग छात्रों के लिए जरूरी जानकारी' विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने डायबिटीज के प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं और मरीजों को बीमारी के प्रति जागरूक करने में नर्सिंग पेशेवरों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
उजरियांव में बताया, खानपान और व्यायाम से कैसे रखें सेहत का ध्यान
नर्सिंग छात्रों के लिए आयोजित कार्यक्रम के बाद आरएमएलआईएमएस के अर्बन हेल्थ ट्रेनिंग सेंटर, उजरियांव में सामुदायिक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसमें यूएचटीसी की प्रभारी एवं प्रोफेसर (जूनियर ग्रेड) डॉ. रश्मि कुमारी, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मिली सेंगर, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. शिखर सिंह और डॉ. शिवम वर्मा ने भाग लिया।
