Search News

पूरनपुर में पंडित राम अवतार शर्मा की काव्य कृति "आराधना के फूल" का भव्य विमोचन

पूरनपुर के श्री जी पैलेस में साहित्यकार पंडित राम अवतार शर्मा की दूसरी काव्य कृति "आराधना के फूल" का विमोचन, कवियों-साहित्यकारों ने काव्यपाठ कर रचनाशीलता को सराहा।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: July 30, 2026

पूरनपुर में साहित्यिक उल्लास: 'आराधना के फूल' का भव्य विमोचन, कवियों ने रचनाशीलता को सराहा

वरिष्ठ साहित्यकार कृष्ण कुमार मिश्रा 'चंचल' के हाथों हुआ पंडित राम अवतार शर्मा की दूसरी काव्य कृति का विमोचन

पूरनपुर। नगर के श्री जी पैलेस में बुधवार को वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार पंडित राम अवतार शर्मा की दूसरी काव्य कृति 'आराधना के फूल' का समारोहपूर्वक विमोचन किया गया। साहित्यिक गरिमा से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से आए साहित्यकारों, कवियों और बुद्धिजीवियों ने सहभागिता कर पुस्तक की रचनात्मकता की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

मुख्य अतिथि ने किया विमोचन

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, बिलसंडा निवासी वरिष्ठ साहित्यकार कृष्ण कुमार मिश्रा 'चंचल' ने देव पूजन के उपरांत पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि पंडित राम अवतार शर्मा की पहली पुस्तक 'भावनाओं के फूल' को भी साहित्य प्रेमियों ने खूब सराहा था और अब 'आराधना के फूल' के माध्यम से उनकी साहित्य साधना को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि शर्मा अब तक ज्योतिष की वार्षिक पत्रिका 'व्रतोत्सव पर्व दीपिका' के 20 अंकों का संपादन एवं प्रकाशन कर चुके हैं, जो उनकी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतिबद्धता का परिचायक है।

रचनाकार ने साझा की रचना यात्रा

इस अवसर पर रचनाकार पंडित राम अवतार शर्मा ने पुस्तक की रचना यात्रा साझा करते हुए सभी अतिथियों एवं उपस्थित साहित्य प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।

कवियों ने किया काव्यपाठ

कार्यक्रम में वरिष्ठ कवि श्याम बाबू शुक्ल 'विमल', राजेंद्र अवस्थी 'किंकर', विकास आर्य 'स्वप्न', प्रशांत मिश्र 'शांडिल्य', उमेश त्रिगुणायत 'अद्भुत', डॉ. यू.आर. मीत, ओम प्रकाश मंजुल, पत्रकार सतीश मिश्र 'अचूक', डॉ. नीता अग्रवाल, सुगंध विकास वाजपेई, डॉ. नीराजना शर्मा तथा संजीता सिंह सहित अनेक कवियों ने काव्यपाठ कर पुस्तक की भावनात्मक अभिव्यक्ति, शब्द सौंदर्य और साहित्यिक गुणवत्ता की सराहना की।

समारोह में रचनाकार पंडित राम अवतार शर्मा एवं मुख्य अतिथि कृष्ण कुमार मिश्रा 'चंचल' को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप मिश्र ने किया। इस अवसर पर वेद प्रकाश तिवारी, संदील खंडेलवाल, प्रदीप विसरिया, विवेक तिवारी, ब्रज मुरारी सक्सेना, श्याम रंग त्रिगुणायत, अश्वनी शुक्ला, उमाशंकर शुक्ला, रामगोपाल कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।

 

Breaking News:

Recent News: