ट्रेन से मोबाइल चोरी कर भाग रहा था युवक, बादशाहनगर स्टेशन पर पुलिस ने पकड़ा, दो फोन बरामद
गश्त कर रही महानगर पुलिस टीम की तत्परता, आरोपी जीआरपी के सुपुर्द, मोबाइल स्वामियों को लौटाए गए फोन
कैनविज टाइम्स संवाददाता
लखनऊ। महानगर थाना क्षेत्र के बादशाहनगर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार रात गश्त के दौरान पुलिस टीम ने ट्रेन से मोबाइल चोरी कर भाग रहे एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। उसके कब्जे से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी और दोनों मोबाइल जीआरपी के सुपुर्द कर दिए।
गश्त के दौरान दिखा संदिग्ध
जानकारी के मुताबिक, रात करीब दो बजे उपनिरीक्षक आर्यन शर्मा और उपनिरीक्षक राजबरन यादव पुलिस टीम के साथ स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक ट्रेन से मोबाइल चोरी कर भागता दिखाई दिया। टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में मिले दो मोबाइल
तलाशी लेने पर युवक के पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी और बरामद मोबाइल जीआरपी के हवाले कर दिए।
मालिकों को लौटाए गए फोन
बुधवार सुबह पुलिस ने दोनों मोबाइल के स्वामियों को बुलाकर उनके फोन सुपुर्द कर दिए। मोबाइल वापस मिलने पर स्वामियों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की।
ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में उपनिरीक्षक आर्यन शर्मा, उपनिरीक्षक राजबरन यादव, कांस्टेबल आलोक, दिव्यपाल, नमन और वीरेंद्र शामिल रहे।
