Search News

बिहार चुनाव से पहले जनसुराज को मिला बड़ा समर्थन, पूर्व IPS जयप्रकाश सिंह और भोजपुरी स्टार रीतेश पाण्डेय हुए शामिल

बिहार चुनाव से पहले जनसुराज को दो बड़ी हस्तियों का समर्थन मिला है। पूर्व IPS जयप्रकाश सिंह और भोजपुरी गायक-अभिनेता रीतेश पाण्डेय ने प्रशांत किशोर की अगुवाई वाले जनसुराज से हाथ मिलाया है।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: July 18, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।

बिहार की सियासत में गर्मी बढ़ती जा रही है और विधानसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दल अपनी स्थिति मजबूत करने में जुटे हैं। इस बीच, प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज को एक और बड़ा राजनीतिक संबल मिला है। शुक्रवार को दो चर्चित हस्तियां एक पूर्व IPS अधिकारी और एक भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय गायक-अभिनेता जनसुराज में शामिल हो गए। शुक्रवार को आयोजित एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशांत किशोर ने औपचारिक रूप से दोनों नेताओं का स्वागत किया। पूर्व आईपीएस अधिकारी जयप्रकाश सिंह, जिन्होंने हाल ही में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली है, ने कहा कि वह बिहार में सुशासन और बदलाव की उम्मीद लेकर जनसुराज से जुड़े हैं। उनका मानना है कि प्रशासनिक अनुभव का लाभ समाज और राजनीति में दिया जाना चाहिए। दूसरी ओर, भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने गायक और अभिनेता रीतेश पाण्डेय ने भी जनसुराज की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति से लोगों का दिल जीतने के बाद अब वे जनता की सेवा राजनीतिक मंच से करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशांत किशोर का विज़न उन्हें प्रेरित करता है।

जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि यह उनकी पार्टी के लिए गर्व की बात है कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों से सम्मानित लोग उनके आंदोलन में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी न केवल चुनावी जीत के लिए बल्कि बिहार में टिकाऊ विकास और जनहित के लिए काम कर रही है। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक पाला बदलने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों से नेता इस्तीफा देकर नई पार्टियों में शामिल हो रहे हैं, और जनसुराज इस प्रक्रिया में तेजी से उभरता हुआ विकल्प बन रहा है। पूर्व आईपीएस जयप्रकाश सिंह और भोजपुरी सुपरस्टार रीतेश पाण्डेय का जनसुराज से जुड़ना प्रशांत किशोर के लिए एक बड़ा राजनीतिक समर्थन है। इससे यह साफ है कि आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में जनसुराज एक प्रमुख शक्ति के रूप में उभर सकता है।

Breaking News:

Recent News: