लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। फैजुल्लागंज क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राहत अभियान आठवें दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के नेतृत्व में पदाधिकारियों के एक दल ने श्रीराम विहार, लोहरामऊ और दाउदनगर समेत विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान पीड़ित परिवारों से संवाद कर उन्हें मिल रही राहत एवं बचाव सुविधाओं की जानकारी ली गई। राहत शिविरों में प्रभावितों की समस्याएं सुनने के साथ उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत भी की गई। दल ने स्वयंसेवी संगठनों की ओर से संचालित राहत शिविरों का निरीक्षण किया और वहां रह रहे परिवारों से सीधे बातचीत की। इस दौरान कुछ लोगों ने शिकायत की कि बीमार होने की स्थिति में उन्हें एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिल पा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल चिकित्सा अधिकारियों से संपर्क किया गया और जरूरतमंदों को एंबुलेंस उपलब्ध कराकर उपचार के लिए अस्पताल भेजने के निर्देश दिए गए।

सभी प्रभावित क्षेत्रों में बांटा जा रहा राशन : डॉ. नीरज बोरा
क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राशन नहीं मिलने की बात कहकर कुछ लोग भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सभी प्रभावित क्षेत्रों में राशन सामग्री का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि राहत सामग्री वितरण से प्रभावित परिवार संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों तक राशन पहुंचाया जा रहा है। वहीं, जो परिवार फिलहाल दूसरे स्थानों पर चले गए हैं, उन्हें घर लौटने के बाद भी राशन उपलब्ध कराया जाएगा।

ये पदाधिकारी रहे मौजूद
दौरे में क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा, महानगर महामंत्री टिंकू सोनकर, महामंत्री घनश्याम अग्रवाल, नगर महामंत्री सत्येंद्र सिंह, महानगर उपाध्यक्ष सौरभ वाल्मीकि, नगर उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, नगर उपाध्यक्ष विनायक पांडेय, नगर मंत्री चंद्र प्रकाश अवस्थी, मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र मौर्य और मीडिया प्रभारी अनुराग साहू शामिल रहे।
