Search News

महिला दिवस पर सीएम योगी का बड़ा ऐलान: जल्द लॉन्च होगी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना, यूपी बना ‘5-टी मॉडल’ का उदाहरण

On International Women’s Day, UP Chief Minister Yogi Adityanath announced the upcoming Lakshmibai Scooty Scheme for meritorious girl students and highlighted the state’s progress under the 5-T model of governance.
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Admin
  • Updated: March 8, 2026

लखनऊ: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में हुए बड़े बदलाव के पीछे प्रधानमंत्री के ‘5-टी विजन’—ट्रेडिशन, टेक्नोलॉजी, ट्रांसपेरेंसी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि जब परंपरा, तकनीक, पारदर्शिता और विश्वास एक साथ आते हैं तो परिवर्तन स्वतः होता है और आज उत्तर प्रदेश इस 5-टी मॉडल का उदाहरण बन चुका है।

रविवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मिशन शक्ति का अगला चरण आगामी नवरात्रि से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

जल्द शुरू होगी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना लॉन्च करने की घोषणा भी की। योजना के पहले चरण में स्नातक और परास्नातक के अंतिम वर्ष की मेधावी छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी, जिससे वे अपनी पढ़ाई और करियर को आगे बढ़ाने में सक्षम हो सकें।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी समाज की आत्मनिर्भरता आधी आबादी की भागीदारी के बिना संभव नहीं है। इसलिए सरकार महिलाओं को शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान और अन्य योजनाओं के कारण देशभर में बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर मिला है। आने वाले समय में संसद और विधानसभा में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी।

महिला सुरक्षा से बढ़ता है आत्मविश्वास

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए सुरक्षा सबसे पहली शर्त है। सुरक्षा मिलने से आत्मविश्वास बढ़ता है और यही आत्मविश्वास महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत किया गया है। सरकारी योजनाओं के प्रभाव से प्रदेश में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, पहले जहां महिला कार्यबल की भागीदारी करीब 13 प्रतिशत थी, वहीं अब यह बढ़कर 36 से 37 प्रतिशत तक पहुंच गई है। इसके अलावा प्रदेश में करीब 20 हजार स्टार्टअप संचालित हो रहे हैं, जिनमें से आधे से अधिक महिलाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं।

Breaking News:

Recent News: