• 147वें वार्षिकोत्सव में सजेगी फुलवारी लीला, फेसबुक पर भी देख सकेंगे श्रद्धालु
लखनऊ कैनविज टाइम्स संवाददाता। डालीगंज की श्री मौसमगंज रामलीला एवं नाट्य समिति के 147वें वार्षिकोत्सव के तहत सोमवार को अहिल्या उद्धार, गंगावतरण, जनक बाजार और फुलवारी लीला का मंचन किया जाएगा। रामकथा के इन प्रसंगों के जरिए कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं को मंच पर सजीव करेंगे। समिति के अध्यक्ष घनश्याम दास अग्रवाल ने बताया कि रामलीला का मंचन प्रतिदिन रात नौ बजे शुरू होता है और मध्यरात्रि तक चलता है। आयोजन को अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए फेसबुक पेज ‘धर्म जिज्ञासा’ पर भी इसका सीधा प्रसारण किया जा रहा है। इससे घर बैठे भी श्रद्धालु रामलीला का आनंद ले सकेंगे।

धार्मिक परंपराओं को सहेजने की पहल
समिति का उद्देश्य रामलीला के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित रखने के साथ नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित कराना है। 147वें वार्षिकोत्सव के आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह है।

