Search News

रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच सीनियर्स ने जूनियर्स का किया स्वागत, भव्या और भूमिका बनीं मिस फ्रेशर्स

इरम गर्ल्स डिग्री कॉलेज
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: October 10, 2026

• इरम गर्ल्स डिग्री कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुतियों से बांधा समां

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। इंदिरा नगर स्थित इरम गर्ल्स डिग्री कॉलेज में शनिवार को सीनियर छात्राओं की ओर से जूनियर छात्राओं के स्वागत के लिए रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत और विभिन्न प्रतियोगिताओं से सजे कार्यक्रम में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान स्नातक और परास्नातक की छात्राओं के बीच मिस फ्रेशर्स प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। कार्यक्रम में कॉलेज के निदेशक ख्वाजा फैज यूनुस, सचिव ख्वाजा सैफी यूनुस, विशिष्ट अतिथि डॉ. सना हसन, सहायक प्रोफेसर, डिपार्टमेंट ऑफ डर्मेटोलॉजी एंड कॉस्मेटोलॉजी (आईयूएमसी) और कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सीमा खान सहित सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं।

नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम की शुरुआत बीकॉम की छात्रा कशिश ने 'गजाननाय गणदेवताय' पर स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर की। इसके बाद बीएड की छात्राओं आयुषी अंजलि, दिव्यांशी और सुनयना ने 'चिरीकल्ले पेन्ने' गीत पर शानदार नृत्य किया। 'डिस्को दीवाने' पर जान्ह्वी, कशिश, अविका, यूवी, श्रेया, अपूर्वा, कशफ और अर्जिता की प्रस्तुति पर छात्राओं ने जमकर तालियां बजाईं। बीए की छात्राओं इल्मा, अर्जुमंद और ज्योति ने रीमिक्स गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि बीएससी की छात्राओं सौम्या, सपना और श्रेया ने पंजाबी गीत 'हुस्न दी रानी' पर मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया।

भव्या और भूमिका के सिर सजा मिस फ्रेशर्स का ताज

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मिस फ्रेशर्स प्रतियोगिता रही। तीन चरणों में आयोजित प्रतियोगिता में स्नातक वर्ग से बीकॉम की भव्या चोपड़ा को मिस फ्रेशर्स चुना गया। बीए की अदिति शुक्ला प्रथम रनरअप और बीएससी की अंशिका द्वितीय रनरअप रहीं। वहीं, परास्नातक वर्ग में बीएड की भूमिका गुप्ता ने मिस फ्रेशर्स का खिताब अपने नाम किया। निदा प्रथम रनरअप और हिमानी आर्या द्वितीय रनरअप चुनी गईं। अन्य पुरस्कारों में स्नातक वर्ग से जिकरा सिद्दीकी और परास्नातक वर्ग से अनम को मिस चार्मिंग का अवार्ड मिला। ब्यूटीफुल आइज का पुरस्कार अनिता और प्रतिभा, हेयर स्टाइल का पुरस्कार सुहानी और तनुप्रिया तथा बेस्ट स्माइल का पुरस्कार अंशिका और गुंजन को प्रदान किया गया।

शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के सचिव ख्वाजा सैफी यूनुस ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्या डॉ. सीमा खान ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन इकरा और दिव्यांशी ने किया।

Breaking News:

Recent News: