रक्षा लेखा विभाग ने लखनऊ में मनाया 279वां स्थापना दिवस, 'रक्षा लेखा भारती' के 18वें अंक का विमोचन
क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र में हुआ आयोजन, प्रतियोगिताओं के विजेता सम्मानित, नवीनीकृत जलपान गृह का उद्घाटन
लखनऊ। रक्षा मंत्रालय के अधीन कार्यरत रक्षा लेखा विभाग का 279वां स्थापना दिवस गुरुवार को क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, लखनऊ के रामायण प्रेक्षागृह में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर सांस्कृतिक और खेलकूद प्रतियोगिताएं हुईं, जिनमें विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साह से भाग लिया।
स्थापना दिवस से पहले सेवा और जागरूकता के कार्यक्रम
स्थापना दिवस समारोह के तहत पिछले सप्ताह 'स्वच्छता हमारी जिम्मेदारी' अभियान, आयुर्वेद दिवस पर सेमिनार और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इनमें विभाग के सभी वर्गों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। समारोह में भारतीय रक्षा लेखा सेवा के भूतपूर्व वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
'रक्षा लेखा भारती' का विमोचन, जलपान गृह का उद्घाटन
कार्यक्रम में विभाग की हिंदी पत्रिका 'रक्षा लेखा भारती' के 18वें संस्करण का विमोचन प्रधान नियंत्रक संजय कुमार चौधरी ने किया। इसके साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नवीनीकृत जलपान गृह का उद्घाटन भी हुआ।
विजेताओं को पुरस्कार
समापन समारोह में रक्षा लेखा प्रधान नियंत्रक संजय कुमार चौधरी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए। समारोह में विभाग की गौरवशाली विरासत, टीम भावना और कार्य के प्रति समर्पण को रेखांकित किया गया।
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मयंक बिष्ट (एकीकृत वित्तीय सलाहकार), चन्द्र प्रकाश (अपर नियंत्रक), हिमांशू त्रिपाठी (संयुक्त एकीकृत वित्तीय सलाहकार), उप-नियंत्रक स्वर्णिम, सहायक नियंत्रक अजय कुमार अग्रवाल, कर्ण सिंह, संजय और एसके गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
