Search News

राजनाथ सिंह ने वीडियो कॉल पर जाना बाढ़ पीड़ितों का हाल, अधिकारियों को दिए मदद के निर्देश

राहत सामग्री
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: October 10, 2026

• नाव से घर-घर पहुंचाई जा रही राहत सामग्री, प्रभावित परिवारों की जरूरतों को प्राथमिकता देने पर जोर

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। बाढ़ से जूझ रहे परिवारों की मदद के लिए राहत अभियान जारी है। इस बीच रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने वीडियो कॉल के माध्यम से बाढ़ प्रभावित निवासी राजमणि तिवारी से बातचीत कर उनका हाल जाना। उन्होंने क्षेत्र में जलभराव की स्थिति और प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचने की जानकारी ली। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी जरूरतमंद को सहायता के अभाव में परेशानी न हो और राहत कार्यों में कोई कमी न रहने पाए। भार्गव कॉलोनी और गणेश विहार कॉलोनी में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करने के दौरान रक्षा मंत्री के विशेष कार्याधिकारी के.पी. सिंह के मोबाइल पर राजनाथ सिंह की वीडियो कॉल आई। उन्होंने मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं से प्रभावित इलाकों की स्थिति दिखाने और बाढ़ के हालात की जानकारी देने को कहा। वीडियो कॉल के दौरान रक्षा मंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों, एडीएम सिटी और एसडीएम सदर से भी बातचीत की। उन्होंने प्रभावित परिवारों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने, राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रत्येक जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। राहत अभियान में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, रक्षा मंत्री के विशेष कार्याधिकारी के.पी. सिंह, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. राघवेंद्र शुक्ला, पुष्कर शुक्ला सहित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे रहे।

नाव से घर-घर पहुंच रही राहत सामग्री

बाढ़ प्रभावित इलाकों में जलभराव के कारण आवागमन में आ रही दिक्कतों को देखते हुए राहत दल नाव के माध्यम से घर-घर पहुंच रहे हैं। प्रभावित परिवारों को भोजन के पैकेट, पेयजल और रोजमर्रा की जरूरत का सामान उपलब्ध कराया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य उन परिवारों तक भी राहत पहुंचाना है, जिनके लिए जलभराव के कारण बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

अधिकारियों से लगातार ले रहे स्थिति की जानकारी

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हालात पर लगातार नजर रख रहे हैं और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ले रहे हैं। उनके निर्देश पर भाजपा कार्यकर्ताओं और जिला प्रशासन के समन्वय से राहत कार्य चलाए जा रहे हैं। प्रयास है कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को समय पर जरूरी सहायता मिले और संकट की इस घड़ी में उनकी परेशानियों को कम किया जा सके।

Breaking News:

Recent News: