• चार दिन तक चलेगी अखिल भारतीय डाक भारोत्तोलन, पावर लिफ्टिंग एवं बेस्ट फिजीक प्रतियोगिता, ‘बेस्ट लिफ्टर’, ‘स्ट्रांग मैन’ और ‘डाक श्री’ के खिताब पर रहेगी नजर
लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल की मेजबानी में 39वीं अखिल भारतीय डाक भारोत्तोलन, पावर लिफ्टिंग एवं बेस्ट फिजीक प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 13 से 16 अक्टूबर तक स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई), लखनऊ में किया जाएगा। चार दिवसीय प्रतियोगिता में देश के 13 डाक परिमंडलों से लगभग 157 खिलाड़ी, प्रबंधक और कोच प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में भारोत्तोलन, पावर लिफ्टिंग और बेस्ट फिजीक स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी ताकत, तकनीक और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर आयोजित प्रेस मीट में उत्तर प्रदेश पोस्टल स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के चेयरपर्सन एवं चीफ पोस्टमास्टर जनरल डॉ. अजय सिंह चौहान ने बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर इस बार उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल को मिला है। मेजबान उत्तर प्रदेश की टीम के अलावा आंध्र प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, ओडिशा, राजस्थान, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और तेलंगाना के खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी मुकाबले मान्यता प्राप्त रेफरी की देखरेख में कराए जाएंगे। डाक निदेशालय, नई दिल्ली ने श्री रमजान अली को पर्यवेक्षक एवं तकनीकी अधिकारी नियुक्त किया है।

तीन स्पर्धाओं में होगा खिलाड़ियों का दमखम
प्रतियोगिता के अंतर्गत भारोत्तोलन में आठ, पावर लिफ्टिंग में आठ और बेस्ट फिजीक में 10 भार वर्गों में मुकाबले होंगे। इसके अतिरिक्त 40 वर्ष से अधिक और 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए वेटरन श्रेणी में भी भारोत्तोलन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। तीनों प्रमुख स्पर्धाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विशेष खिताब से सम्मानित किया जाएगा। भारोत्तोलन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को ‘बेस्ट लिफ्टर’, पावर लिफ्टिंग के विजेता को ‘स्ट्रांग मैन’ और बेस्ट फिजीक श्रेणी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को ‘डाक श्री’ का खिताब प्रदान किया जाएगा।
ललित कुमार पटेल संभालेंगे यूपी टीम की कमान
मेजबान उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल की टीम में राकेश कुमार, नवाब सिंह, ललित कुमार पटेल, श्याम कुमार, प्रदीप कुमार यादव, रत्नाकर वर्मा, अमित कुमार शर्मा, फिरोज यूनुस खान, तुषार गुप्ता, अजीम खान, अभय कुमार और गणेश कुमार शामिल हैं। टीम की कप्तानी ललित कुमार पटेल करेंगे। उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से खेल जगत के प्रतिष्ठित ‘लक्ष्मण पुरस्कार’ से सम्मानित किया जा चुका है। पिछली अखिल भारतीय डाक भारोत्तोलन, पावर लिफ्टिंग एवं बेस्ट फिजीक प्रतियोगिता चेन्नई में आयोजित हुई थी। इसमें उत्तर प्रदेश डाक परिमंडल की टीम ने एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इस बार टीम की कोशिश पिछले प्रदर्शन को बेहतर बनाने और पदकों की संख्या बढ़ाने की होगी।
खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने की तैयारी
डॉ. अजय सिंह चौहान ने कहा कि लखनऊ जैसे ऐतिहासिक शहर में देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और उचित आतिथ्य उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। आयोजन को खिलाड़ियों के लिए यादगार बनाने और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया है।
इस अवसर पर पोस्टमास्टर जनरल, मुख्यालय परिक्षेत्र लखनऊ सुनील कुमार राय, पोस्टमास्टर जनरल मेल एवं बिजनेस डेवलपमेंट अशोक कुमार यादव, पोस्टमास्टर जनरल वाराणसी पद्मगंधा मिश्रा, पोस्टमास्टर जनरल प्रयागराज राजीव उमराव, पोस्टमास्टर जनरल बरेली अतुल कुमार श्रीवास्तव, निदेशक डाक सेवाएं आगरा परिक्षेत्र शशि कुमार उत्तम और निदेशक डाक सेवाएं (मुख्यालय) अलेक्सिन जॉर्ज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
