सेवा, संवेदना और साहस की विरासत: लखनऊ में मिलिट्री नर्सिंग सर्विस ने मनाया 101वां स्थापना दिवस
लखनऊ। मिलिट्री नर्सिंग सर्विस (एमएनएस) ने समर्पित सेवा, प्रतिबद्धता और पेशेवर उत्कृष्टता के 101वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर स्थापना दिवस समारोह मनाया। समारोह सेंट्रल कमांड के कमांड हॉस्पिटल, लखनऊ के शिवम लॉन्स में आयोजित हुआ। इस दौरान नर्सिंग अधिकारियों की कई पीढ़ियों की गौरवशाली विरासत और सैन्य स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान को याद किया गया।
वॉर मेमोरियल पर पुष्पांजलि से हुई शुरुआत
समारोह की शुरुआत 1 अक्टूबर को एएमसी वॉर मेमोरियल पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद नर्सिंग ऑफिसर्स मेस में केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया। 3 अक्टूबर को शिवम लॉन्स, कमांड हॉस्पिटल में मुख्य समारोह के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
मुख्य अतिथि ने की नर्सिंग अधिकारियों की सराहना
सेंट्रल कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ (सीओएस) लेफ्टिनेंट जनरल सी.जे. जयचंद्रन मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने मिलिट्री नर्सिंग सर्विस परिवार को 101वें वर्ष में प्रवेश पर बधाई दी और सैन्य स्वास्थ्य सेवाओं में कुशल, संवेदनशील और मरीज-केंद्रित देखभाल के लिए नर्सिंग अधिकारियों के योगदान की सराहना की।
निरंतर सीखने और नवाचार पर जोर
लेफ्टिनेंट जनरल जयचंद्रन ने नर्सिंग सेवा में मानवीय संवेदना के साथ पेशेवर उत्कृष्टता बनाए रखने पर बल दिया। उन्होंने निरंतर सीखने, नवाचार, शोध और नई तकनीकों को अपनाने के महत्व को भी रेखांकित किया। साथ ही मरीजों की देखभाल के अलावा शिक्षा, प्रशिक्षण और मेंटरिंग में शिक्षण स्टाफ की भूमिका की भी प्रशंसा की।
मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई
101वें स्थापना दिवस समारोह में मिलिट्री नर्सिंग सर्विस की गौरवशाली विरासत, वर्तमान उपलब्धियों और भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर सेवा, संवेदना, साहस और पेशेवर उत्कृष्टता जैसे मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।
