कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
श्रीलंका में साइक्लोन 'दितवाह' ने भारी तबाही मचाई है। पिछले 24 घंटों में 300 मिमी (11.8 इंच) से ज्यादा बारिश हुई और कई इलाकों में लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं। इस तूफान के चलते अब तक 46 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई घर और सड़कें पूरी तरह तबाह हो गई हैं। भारत की ओर बढ़ते हुए साइक्लोन के मद्देनज़र मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल के लिए चेतावनी जारी की है। मछुआरों को तटीय इलाकों में सतर्क रहने और समुद्र में न जाने की हिदायत दी गई है। विमान सेवाओं में भी व्यवधान देखा जा रहा है, कई उड़ानें डायवर्ट की गई हैं। अधिकारियों ने लोगों से घरों में रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। श्रीलंका के पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में सबसे ज्यादा तबाही हुई है, जहां कई घरों और सड़क मार्गों को नुकसान पहुँचा है। स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा हुआ है।
