सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर बच्चों ने गांधी जी पर आधारित प्रस्तुति से दिया स्वच्छता का संदेश
लखनऊ। स्वच्छता सप्ताह के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPMRCL) की ओर से सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रयास ट्रस्ट से जुड़े 30 वंचित बच्चों ने महात्मा गांधी के जीवन और उनके स्वच्छता संबंधी विचारों पर आधारित नुक्कड़ नाटक एवं नृत्य की प्रस्तुति देकर यात्रियों को स्वच्छता का संदेश दिया।
बच्चों ने अपने अभिनय और सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से गांधी जी के स्वच्छता संबंधी विचारों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के महत्व को प्रभावी ढंग से सामने रखा। उनकी प्रस्तुति ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
स्वच्छता सप्ताह के तहत जनभागीदारी पर जोर
UPMRCL की ओर से बताया गया कि यह कार्यक्रम स्वच्छता सप्ताह के तहत आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज की अधिक से अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। स्वच्छता सप्ताह के दौरान लखनऊ मेट्रो नेटवर्क पर स्वच्छता, जनभागीदारी और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
पहली बार मेट्रो में सफर का उत्साह
कार्यक्रम के साथ बच्चों के लिए विशेष मेट्रो यात्रा का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने आईटी कॉलेज स्टेशन से सचिवालय स्टेशन तक मेट्रो से सफर किया। इनमें अधिकांश बच्चों के लिए यह पहली मेट्रो यात्रा थी, और पहली बार मेट्रो में बैठने का उत्साह उनके चेहरों पर साफ दिखाई दे रहा था।
बच्चों ने मेट्रो स्टेशन का भ्रमण किया और इस यात्रा को अपने लिए बेहद खास बताया। इस पहल से उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने, मेट्रो यात्रा का अनुभव लेने और स्वच्छता सप्ताह का हिस्सा बनने का अवसर मिला।
