Search News

सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं पर लगाएं अंकुश

कार्यशाला
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: October 12, 2026

• अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में 90 कैडेट्स और विद्यार्थियों को किया जागरूक

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की 19 यूपी गर्ल्स बटालियन की ओर से शारीरिक शिक्षा एवं मानवविज्ञान विभाग के सहयोग से सेवा संकल्प के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर जिम्मेदारी से व्यवहार करने के लिए जागरूक किया गया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता सड़क सुरक्षा अधिकारी पंकज शर्मा ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन और सुरक्षित आवागमन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यातायात के प्रति अनुशासन और जागरूकता अपनाकर दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सकता है। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग की सहायक अभियंता चांदनी सिंह भी मौजूद रहीं।

कार्यशाला में कुल 90 कैडेट्स और विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। सत्र को संवादात्मक बनाया गया, जिसमें विद्यार्थियों और कैडेट्स ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। मुख्य वक्ता ने उनके सवालों के जवाब देकर जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. बीना राय के मार्गदर्शन में लेफ्टिनेंट डॉ. सरिता सिंह और डॉ. मौलिश्री शुक्ला के नेतृत्व में किया गया। कार्यशाला का समन्वय सीनियर अंडर ऑफिसर निशिता साहनी और अंडर ऑफिसर ईशा मैसी ने किया। कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।

Breaking News:

Recent News: