'स्वच्छता ही सेवा-2026': लखनऊ मंडल के स्टेशनों पर सामूहिक श्रमदान, डीआरएम ने दिलाई शपथ
"एक दिन, एक घंटा, एक साथ" अभियान में लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या, प्रयाग सहित 11 स्टेशनों पर चला सफाई अभियान
लखनऊ। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में 'स्वच्छता ही सेवा-2026' के तहत गुरुवार को "एक दिन, एक घंटा, एक साथ" अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत लखनऊ, वाराणसी जं., अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट, जौनपुर, प्रयाग जं., प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, उन्नाव और शाहगंज सहित कई स्टेशनों पर स्वच्छता शपथ, सामूहिक श्रमदान और जनजागरूकता कार्यक्रम हुए।
लखनऊ स्टेशन पर डीआरएम के नेतृत्व में श्रमदान
लखनऊ रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा के नेतृत्व में अधिकारियों, रेल कर्मचारियों और सफाई मित्रों ने स्वच्छता की शपथ ली। इसके बाद स्टेशन यार्ड के कानपुर छोर पर श्रमदान कर सफाई की गई।
वाराणसी में 500 किलो कचरा एकत्र
वाराणसी जं. स्टेशन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश यादव, मंडल यांत्रिक अभियंता दिवाकर वार्ष्णेय और स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता की उपस्थिति में अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों और यात्रियों ने श्रमदान किया। न्यू लोको कॉलोनी और टीआरडी लोको कॉलोनी में भी व्यापक सफाई हुई, जहां लगभग 500 किलोग्राम कूड़ा-कचरा एकत्र कर सुरक्षित निस्तारित किया गया। यहां 'मोटू-पतलू' और 'चिंपैंजी' के कार्टून कैरेक्टर बच्चों के आकर्षण का केंद्र रहे, जिनके जरिए स्वच्छता का संदेश दिया गया।
जौनपुर, अयोध्या और अन्य स्टेशनों पर भी अभियान
जौनपुर स्टेशन और हेल्थ यूनिट परिसर में झाड़ियों व अनावश्यक वनस्पतियों की कटाई की गई और लगभग 150 किलोग्राम कचरा एकत्र कर निस्तारित किया गया।
अयोध्या धाम और अयोध्या कैंट स्टेशनों पर भी कार्यक्रम हुए। अयोध्या कैंट में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। इसी क्रम में प्रयाग जं., माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, शाहगंज, अमेठी और उन्नाव स्टेशनों पर रेल अधिकारियों, कर्मचारियों, आरपीएफ कर्मियों, सफाई मित्रों और यात्रियों ने श्रमदान किया।
रायबरेली स्टेशन पर सहायक चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में यातायात, परिचालन और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल हुए।
अभियान के दौरान यात्रियों और आमजन को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, रेलवे परिसर साफ रखने, गीले और सूखे कचरे को अलग रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने के लिए जागरूक किया गया।
