Search News

प्रयागराज महाकुम्भ भारत की संस्कृति विविधताओं में एकता की मिसाल: ओम बिड़ला

यूपी
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kanwhiz Times
  • Updated: February 15, 2025

कैनविज टाइम्स,डिजिटल डेस्क। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कहा कि भारत की संस्कृति विविधताओं में एकता की मिसाल है। यहाँ विभिन्न धर्मों, भाषाओं और परम्पराओं का संगम है, जहां हर संस्कृति को समान सम्मान मिलता है। यह विचार उन्होंने प्रयागराज महाकुम्भ के परमार्थ निकेतन शिविर में 16 फरवरी से शुभारम्भ होने वाले चार दिवसीय कीवा (धरती माता के संरक्षण का महोत्सव) महाकुम्भ में शनिवार को पहुंचे पर व्यक्त किए। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय समाज में समन्वय और समरसता की भावना सदैव रही है। भगवद गीता, वेद, उपनिषद और अन्य सभी ग्रंथ, सहिष्णुता और सह-अस्तित्व का संदेश देते हैं। भारत में विविधता को न केवल सहन किया गया, बल्कि इसे अपनाया और सम्मानित किया गया। यही भारतीय संस्कृति की ताकत है, जो हमें एकजुट रहने की प्रेरणा देती है।

सभी से जुड़ने व सभी को जोड़ने का अद्भुत सूत्र: पियूष गोयल

केन्द्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पियूष गोयल ने कहा कि स्वामीजी ने पूरे विश्व में भारतीय संस्कृति का न केवल प्रचार-प्रसार किया बल्कि विभिन्न संस्कृतियों को आमंत्रित भी किया है। संस्कृतियों को आदान-प्रदान पूरे विश्व को एक सूत्र में जोड़ता है। भारत के पास सभी से जुड़ने व सभी को जोड़ने का अद्भुत सूत्र है। कीवा कुम्भ को महाकुम्भ में आयोजित करने का उद्देश्य आदिवासी क्षेत्र की देखभाल और संरक्षण, प्रकृति की सुरक्षा मूल भाषाओं और सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण, आदिवासियों की पहचान को स्वीकारना, सम्मानित करना, आदिवासियों की संस्कृतियों का संरक्षण, स्वस्थ और सतत अर्थव्यवस्थाओं का निर्माण करना है।

महाकुम्भ परम्पराओं के सम्मान और एकजुटता का महोत्सव: स्वामी चिदानन्द सरस्वती
 
स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि महाकुम्भ के सम्मान और एकजुटता का महोत्सव है। महाकुम्भ में कीवा कुम्भ का उत्सव एक दिव्य प्रतीक है। हम सभी को इस समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित करते हैं। यह एक अवसर है, जब हम सभी एकजुट होकर अपनी धरती माता के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता प्रकट कर सकते हैं। हम सभी इस यात्रा का हिस्सा बनें और अपनी आदिवासी संस्कृतियों की अमूल्य धरोहर को सम्मान दें। हमारे द्वारा एकजुट होकर किया गया प्रयास हमारी धरती माता को फिर से संजीवनी देने वाली बना सकता है। यह आयोजन हम सभी को एक बड़ा वैश्विक परिवार और वसुधैव कुटुम्कम् के सूत्र के साथ जोड़ने का अवसर प्रदान करेगा। वास्तव में कीवा उत्सव विविधता में एकता का दिव्य उत्सव है।उन्होंने बताया कि महाकुम्भ की दिव्य धरा पर 16 से 19 फरवरी के बीच परमार्थ त्रिवेणी पुष्प, परमार्थ निकेतन शिविर, प्रयागराज में चार दिवसीय कीवा महाकुम्भ का आयोजन किया जा रहा है। आदिवासी समुदायों के ज्ञान के रखवालों, जनजातीय नेताओं और विशिष्ट अतिथियों के पवित्र मार्गदर्शन में विश्व के विभिन्न देशों की आध्यात्मिक परम्पराओं को एकजुट करते हुए सभी एक वैश्विक सामंजस्य के लिए एक शक्तिशाली आह्वान करेंगे।

आदिवासी नेताओं व संस्कृतियों को किया एकजुट

कीवा कुम्भ चार दिवसीय आयोजन में आध्यात्मिक परम्पराओं, प्रार्थनाएँ, अनुष्ठान, कहानियाँ और आध्यात्मिक संवादों के साथ आदिवसी धर्मगुरू यह एहसास दिलाते हैं कि भले ही हम अलग-अलग हों, अलग-अलग देशों में रहते हों, परन्तु हम एक मानव परिवार हैं। जो महाकुम्भ प्रयागराज में पृथ्वी और उसके भविष्य के लिए एकजुट हुये हैं। हम सभी यहां पर मानवता और प्रकृति के बीच सामंजस्यपूर्ण संबंधों को फिर से स्थापित करने हेतु एक साथ आये है। अपनी परम्पराओं से जुड़कर पृथ्वी के साथ सामंजस्य पूर्ण सह-अस्तित्व को फिर से बनाना चाहते हैं। इसी उद्देश्य को लेकर 700 से अधिक आदिवासी नेताओं और संस्कृतियों को एकजुट किया है।
 

Breaking News:

Recent News: