Search News

मतदाता सूची में गड़बड़ी पर भड़के सपा जिला अध्यक्ष! कई बूथों पर पहुंचकर लिया जायजा

पीलीभीत में सपा जिला अध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने बरखेड़ा और सदर विधानसभा के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। मतदाता सूची की खामियों और फॉर्म-6, 7 व 8 की प्रगति की जानकारी ली।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: November 28, 2026

पीलीभीत में सपा जिला अध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने कई बूथों का किया निरीक्षण, मतदाता सूची की खामियों पर जताई चिंता

भिटौरा कला, अवंतीबाई कॉलेज और चिड़ियादाह के मतदान केंद्रों पर पहुंचे जिला अध्यक्ष, बीएलओ से फॉर्म-6, 7 और 8 की प्रगति जानी

पीलीभीत में सपा जिला अध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने कई बूथों का किया निरीक्षण, मतदाता सूची की खामियों पर जताई चिंता

पीलीभीत। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष धर्मेश गंगवार ने बरखेड़ा और सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं की समस्याएं सुनीं और मतदाता सूची में मिली अनियमितताओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की।

जिला अध्यक्ष धर्मेश गंगवार भिटौरा कला मतदान केंद्र संख्या 148, 149, 150 और 151 पहुंचे। इसके अलावा वीरांगना अवंतीबाई जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज के मतदान केंद्र संख्या 384, 391, 392, 393 और 394 तथा चिड़ियादाह के मतदान केंद्र संख्या 299 और 301 का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ से मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि अब तक कितने फॉर्म-6, 7 और 8 भरे गए हैं। इस दौरान कई मतदाताओं ने शिकायत की कि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, कुछ के नाम गलत दर्ज हैं तो कुछ मतदाताओं की फोटो में गड़बड़ी है। जिला अध्यक्ष ने शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्याओं के समाधान की बात कही।

धर्मेश गंगवार ने कहा कि समाजवादी पार्टी चाहती है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। मतदाता सूची में गड़बड़ी लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर जानबूझकर समाजवादी विचारधारा से जुड़े लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने और जिन पात्र लोगों के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, उनके फॉर्म-6 भरवाने की अपील की। साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने और महिला मतदाताओं को भी जागरूक करने पर जोर दिया।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना बेहद जरूरी है। 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ता अभी से सक्रिय हो जाएं। उन्होंने बूथ अध्यक्षों और सेक्टर प्रभारियों से मुलाकात कर बूथ प्रबंधन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बूथ जीता तो चुनाव जीता।

निरीक्षण के दौरान समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

Breaking News:

Recent News: