बाल विवाह के खिलाफ पीलीभीत में उठी आवाज, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लिया बड़ा संकल्प
गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित हुआ बाल विवाह उन्मूलन एवं शक्ति संवाद जागरूकता कार्यक्रम, 200 बच्चों को उपहार देकर किया गया प्रोत्साहित
बाल विवाह के खिलाफ पीलीभीत में उठी आवाज, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लिया बड़ा संकल्प
पीलीभीत। जनपद को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से गांधी प्रेक्षागृह, गांधी स्टेडियम में महिला कल्याण विभाग की ओर से बाल विवाह उन्मूलन अंतर्राष्ट्रीय दिवस एवं शक्ति संवाद जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाई और लोगों से इस बुराई को समाप्त करने में सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद पीलीभीत की अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर, ब्लॉक प्रमुख मरौरी सभ्यता देवी वर्मा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अरुण क्रान्ति यशोदास, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात अनुकृति पटेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी युगल किशोर सांगुडी तथा प्रतिनिधि मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुराग श्याम रस्तोगी ने अतिथियों को पौधे भेंट कर स्वागत किया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुराग श्याम रस्तोगी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह बच्चों के भविष्य को अंधकार में धकेल देता है। इसकी रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होकर आगे आना होगा। उन्होंने जनपद को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में अवन्तीबाई और आर्यकन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।
शक्ति संवाद में बच्चों ने जनप्रतिनिधियों से साझा की समस्याएं
शक्ति संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड एवं सामान्य) के लाभार्थी बच्चों ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से संवाद किया। बच्चों ने अपनी समस्याएं और अनुभव साझा किए। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
ब्लॉक प्रमुख मरौरी सभ्यता देवी वर्मा ने बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए कहा कि सभी को मिलकर जनपद को बाल विवाह मुक्त बनाने का प्रयास करना चाहिए। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर ने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक बुराई है। हम सभी को संकल्प लेना होगा कि अपने आसपास और रिश्तेदारी में किसी का भी बाल विवाह न होने दें।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की जानकारी देते हुए बताया कि कानून द्वारा निर्धारित आयु से कम उम्र में विवाह करना प्रतिबंधित है और ऐसा करने पर कठोर दंड का प्रावधान है।
200 बच्चों को उपहार देकर किया गया प्रोत्साहित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के 50 बच्चों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के लोगोयुक्त कॉफी मग वितरित किए गए। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सामान्य के 100 बच्चों को लूडो तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड के 50 बच्चों को थर्मस देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन दुर्गेश आर्या ने किया। अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुराग श्याम रस्तोगी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
