डीएम आलोक कुमार ने स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण, बच्चों से पूछे सवाल
पीलीभीत। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने विकासखंड मरौरी क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय देवीपुरा और आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण कर शिक्षा, पोषण और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में मिड-डे मील योजना के तहत तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता परखी और बच्चों की पढ़ाई के स्तर को भी जांचा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी विद्यालय के रसोईघर पहुंचे, जहां उन्होंने मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) योजना के अंतर्गत तैयार हो रहे भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने रसोइया और संबंधित कर्मचारियों से भोजन की व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही विद्यालय परिसर का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य ने जिलाधिकारी को विद्यालय की बाउंड्री गिरने और बिजली के पोल से जुड़ी समस्या से अवगत कराया।
आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से किया संवाद
इसके बाद जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों के पास पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद किया और उनकी पठन-पाठन एवं सीखने की क्षमता का आकलन किया।
जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री और संबंधित अधिकारियों को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, पोषण तथा केंद्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों के समुचित विकास और बेहतर शैक्षिक वातावरण पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और आंगनबाड़ी कार्यकत्री उपस्थित रहीं।
