Search News

महर्षि यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में दिखेगा नवाचार और वैदिक विज्ञान का संगम

महर्षि यूनिवर्सिटी
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: October 22, 2026

• 2279 विद्यार्थियों को मिलेंगी डिग्री और डिप्लोमा, मिनी एक्सपो में प्रदर्शित होंगे तकनीकी मॉडल और शोध परियोजनाएं

• राज्यपाल होंगी मुख्य अतिथि, उच्च शिक्षा मंत्री भी रहेंगे मौजूद

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, लखनऊ का सातवां दीक्षांत समारोह गुरुवार को आयोजित होगा। समारोह में 2279 विद्यार्थियों को डिग्री और डिप्लोमा प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर में मिनी एक्सपो भी लगाया जाएगा, जिसमें विद्यार्थियों के नवाचार, तकनीकी कौशल, शोध और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए जाएंगे। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश की राज्यपाल होंगी, जबकि उच्च शिक्षा मंत्री विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह का शुभारंभ सुबह 11 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलाचरण के साथ होगा। दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ विद्यार्थियों की रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान को भी मंच मिलेगा।

मिनी एक्सपो में दिखेगा विद्यार्थियों का हुनर

एक्सपो में सामाजिक समस्याओं के समाधान पर आधारित नवाचारी परियोजनाओं के साथ सॉकर रोबो बोट जैसे तकनीकी मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। वैदिक विज्ञान से जुड़े प्रोजेक्ट भी आकर्षण का केंद्र होंगे। इसके अलावा महर्षि महेश योगी के जीवन, विचारों और योगदान पर आधारित शोध कार्यों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों के जरिये आधुनिक तकनीक और भारतीय ज्ञान परंपरा के बीच समन्वय की झलक देखने को मिलेगी।

योग प्रदर्शन और ‘एनिम वर्स’ भी रहेगा आकर्षण

कार्यक्रम में लाइव योग डेमो क्लास के माध्यम से योग का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, एनीमेशन के विद्यार्थियों की ओर से तैयार ‘एनिम वर्स’ में उनकी कल्पनाशीलता, डिजिटल क्रिएटिविटी और तकनीकी दक्षता देखने को मिलेगी।

20 शोधार्थियों को मिलेगी पीएचडी की उपाधि

दीक्षांत समारोह में 20 शोधार्थियों को पीएचडी, 324 विद्यार्थियों को स्नातकोत्तर और 1612 विद्यार्थियों को स्नातक की उपाधि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा 323 विद्यार्थियों को डिप्लोमा दिया जाएगा। इस तरह कुल 2279 विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ करियर के नए पड़ाव की ओर कदम बढ़ाएंगे।

विश्वविद्यालय का यह आयोजन डिग्री वितरण तक सीमित नहीं रहेगा। मिनी एक्सपो के माध्यम से विद्यार्थियों के शोध, नवाचार, तकनीकी दक्षता और रचनात्मक सोच को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इससे उच्च शिक्षा में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव और अनुसंधान के महत्व को भी रेखांकित किया जाएगा।

दीक्षांत समारोह में ये रहेंगे प्रमुख आकर्षण

---------------------------------------------------------------

• सामाजिक समस्याओं के समाधान पर आधारित नवाचारी प्रोजेक्ट

• सॉकर रोबो बोट समेत तकनीकी मॉडल

• वैदिक विज्ञान से जुड़े प्रोजेक्ट

• महर्षि महेश योगी के जीवन और योगदान पर शोध

• लाइव योग डेमो क्लास

•  विद्यार्थियों की ओर से तैयार ‘एनिम वर्स’

Breaking News:

Recent News: