• माताओं और बच्चों ने उत्साह के साथ लिया हिस्सा, प्रतियोगिताओं में विजेताओं को किया गया सम्मानित
लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। मड़ियांव के भरत नगर स्थित ट्रिनिटी पब्लिक स्कूल में रविवार को डांडिया उत्सव की धूम रही। संगीत की मधुर धुन, रंग-बिरंगे परिधान और पारंपरिक डांडिया की खनक के बीच स्कूल परिसर उत्सव के रंगों से सराबोर नजर आया। हाथों में डांडिया लेकर एक जैसे परिधानों में पहुंचीं महिलाओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। डांडिया की लय पर थिरकती महिलाओं के उत्साह और उमंग ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

उत्सव में विद्यालय के छात्र-छात्राओं की माताओं ने अपने बच्चों के साथ बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। इस दौरान पारिवारिक मेलजोल, मनोरंजन और सांस्कृतिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। महिलाओं और बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यालय की ओर से आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों और माताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

चटपटे व्यंजनों के स्टॉल ने बढ़ाई रौनक
डांडिया उत्सव में नृत्य और प्रतियोगिताओं के साथ खानपान भी आकर्षण का केंद्र रहा। स्कूल परिसर में लगाए गए पानी के बताशे, समोसे, चाउमीन, चिप्स, बिस्कुट और चॉकलेट के स्टॉल पर लोगों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। संगीत, मस्ती और लजीज पकवानों से सजे इस आयोजन में महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और उनकी माताओं को एक साझा मंच प्रदान करने के साथ ही आपसी मेलजोल, सहभागिता और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना रहा। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल रश्मि सिंह, डायरेक्टर एंड काउंसलर रीना राणा, श्रुति सिंह इंचार्ज, प्रतिमा तिवारी वाइस प्रिंसिपल, प्रिया सिंह, श्रुति शर्मा, लक्ष्मी दीक्षित, नेहा चतुर्वेदी, अदिति मिश्रा, स्वाति पांडे, मानसी, उपमा तिवारी, पंकज कुमार, कुलदीप रावत, शिवम पाठक, मृत्युंजय पांडेय कानूनी सलाहकार, निधियाना पांडेय, रचना मिश्रा, शिवांगी शुक्ला व एंकर श्वेता भटनागर समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रही।





