हैंडपंप मरम्मत और स्ट्रीट लाइट के नाम पर भी निकाली गई धनराशि, ग्रामीणों ने सचिव पर लगाए आरोप; डीएम से करेंगे जांच की मांग
सफाई के नाम पर हजारों रुपये निकाले, गांव में गंदगी का अंबार! ग्राम पंचायत नारायणपुर में भ्रष्टाचार के आरोप
पूरनपुर। विकासखंड पूरनपुर की ग्राम पंचायत नारायणपुर जमीमा में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में सफाई, हैंडपंप मरम्मत और स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के नाम पर सरकारी धनराशि निकाले जाने के बावजूद धरातल पर काम न होने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि कागजों में विकास कार्य दिखाए जा रहे हैं, जबकि गांव की स्थिति बदहाल बनी हुई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, सफाई के नाम पर दो बार 9-9 हजार रुपये यानी कुल 18 हजार रुपये निकाले गए। वहीं हैंडपंप मरम्मत के नाम पर 19,644 रुपये और स्ट्रीट लाइट मरम्मत के नाम पर 10,430 रुपये की धनराशि निकाले जाने का दावा किया गया है। इसके अलावा भी विभिन्न मदों में कई बार भुगतान किए जाने की बात सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि धनराशि खर्च होने के बावजूद संबंधित कार्य गांव में दिखाई नहीं दे रहे हैं।
गलियों में गंदगी, नालियां बजबजा रहीं
ग्रामीणों का कहना है कि गांव की गलियों में जगह-जगह कीचड़ और कूड़े के ढेर लगे हैं। नालियां गंदगी से भरी हुई हैं और सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है। आरोप है कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से गांव नहीं आता। ग्रामीणों के मुताबिक, कागजों में हर महीने सफाई का काम दिखाया जाता है, लेकिन वास्तविकता में लंबे समय से नियमित सफाई नहीं हुई है।
मरम्मत के नाम पर निकली रकम, खराब पड़े हैंडपंप
हैंडपंपों की स्थिति भी ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के कई हैंडपंप महीनों से खराब पड़े हैं। लोगों को पीने के पानी के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है। विशेष रूप से महिलाओं को पानी लाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में हैंडपंप मरम्मत के नाम पर निकाली गई धनराशि पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
स्ट्रीट लाइट खराब, रात में गांव में छाया रहता है अंधेरा
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में लगी अधिकांश स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। रात होते ही कई गलियों में अंधेरा छा जाता है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब लाइट मरम्मत के नाम पर धनराशि निकाली गई तो अब तक लाइटें ठीक क्यों नहीं कराई गईं।
डीएम से जांच और कार्रवाई की मांग करेंगे ग्रामीण
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्याओं को लेकर कई बार सचिव से शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उनका यह भी आरोप है कि शिकायत करने पर उन्हें धमकाया जाता है। अब ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मिलकर पूरे मामले की जांच कराने का निर्णय लिया है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्राम पंचायत में पिछले एक वर्ष के दौरान कराए गए सभी कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और खर्च की गई धनराशि का ऑडिट कराया जाए। यदि जांच में वित्तीय अनियमितताएं सामने आती हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धनराशि की वसूली की जाए।
वहीं, मामले में पक्ष जानने के लिए सचिव से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
