Search News

बिहार चुनाव : शुरुआती रुझानों में राजग को प्रचंड बहुमत

पटना
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Kritika pandey
  • Updated: November 14, 2025

कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।

बिहार में सभी 243 विधानसभा सीटों की मतगणना जारी है। शुरुआती चार घंटों के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को प्रचंड बहुमत मिलता दिख रहा है। भाजपा 85, जदयू 76 और लोजपा (राबि.) 20 सीटों पर आगे चल रही हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक सभी 243 सीटों में से राजग 190 सीटों पर आगे चल रहा है। दोपहर 12.15 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक भाजपा 85 सीटों पर आगे है, जबकि जदयू 76 सीटों पर आगे है। लोजपा-आर 20, हम-04 और आरएलएम-03 सीटों पर आगे है। दूसरी ओर महागठबंधन को झटका लगता दिख रहा है। फिलहाल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) 35, कांग्रेस 06, सीपीआई-एमएल-07, और सीपीएम-01 तथा वीआईपी-01 सीट पर आगे है।

मोकामा से जदयू के अंनत सिंह 5500 मतों से आगे

बिहार के सबसे हॉट सीट माने जाने वाले मोकामा में वोटों की शुरूआती गिनती में अनंत सिंह आगे चल रहे हैं, जबकि सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी पीछे चल रही हैं। पांच राउंड के गिनती के बाद अनंत सिंह 5546 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें 19524 वोट मिले हैं, जबकि वीणा देवी को 13978 मत प्राप्त हुए हैं। इस सीट से जनसुराज के प्रियदर्शी पीयूष 2473 वोट ही पांचवें राउंड तक ला पाए। अनंत सिंह और सूरजभान सिंह दोनों भूमिहार जाति से आते हैं और दोनों बाहुबली नेता हैं।

भाजपा के नीतीश मिश्रा झंझारपुर से आगे

बिहार के झंझारपुर विधानसभा सीट पर राजग की ओर से भाजपा उम्मीदवार नीतीश मिश्रा ने शुरुआती रुझानों में अपने प्रतिद्वंद्वी महागठबंधन उम्मीदवार राम नारायण यादव पर स्पष्ट बढ़त बना ली है। तीसरे राउंड की गिनती के बाद नीतीश मिश्रा ने 11,702 वोट हासिल कर 6,968 वोटों से बढ़त बनाई है, जबकि राम नारायण यादव को 4,734 वोट मिले हैं। जन सुराज पार्टी के केशवचंद्र भंडारी को अब तक मात्र 964 वोट मिले हैं। पहले राउंड में भी नीतीश मिश्रा 2,559 वोटों की बढ़त के साथ 4,287 से आगे थे, पहले राउंड में राम नारायण यादव को 1,728 और केशवचंद्र भंडारी को 293 वोट ही मिले थे। राजद के तेजस्वी यादव, जो महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भी हैं, राघोपुर विधानसभा सीट पर पांचवें राउंड के बाद पीछे चल रहे हैं। गायिका मैथिली ठाकुर, जो भाजपा के टिकट पर पहली बार चुनावी मैदान में हैं, अलीनगर सीट पर आगे चल रही हैं। महुआ में तेज प्रताप यादव 10 हजार से ज़्यादा वोटों से पीछे हैं।
 

Breaking News:

Recent News: