बेसहारा बुजुर्ग महिला की मदद को पहुंची मड़ियांव पुलिस, अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान
राम-राम बैंक चौकी क्षेत्र में गंभीर हालत में मिली थी महिला, पुलिस टीम की तत्परता से समय पर मिला इलाज
कैनविज टाइम्स संवाददाता
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस की मानवीय पहल देखने को मिली। राम-राम बैंक चौकी क्षेत्र में एक बेसहारा बुजुर्ग महिला की हालत बिगड़ने की सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई।
जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही थी महिला
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला गंभीर हालत में मिली। उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही थी।
इंस्पेक्टर के निर्देशन में पहुंची टीम
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा के निर्देशन में पुलिस टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची। टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र चौधरी, उपनिरीक्षक अरविंद यादव और हेड कांस्टेबल गौरव सिंह शामिल रहे। पुलिसकर्मियों ने महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया। समय पर उपचार मिलने से महिला की जान बच सकी।
झाड़ू-पोछा कर चलाती है गुजारा
पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग महिला झाड़ू-पोछा कर अपना जीवन यापन करती है। घटना के समय उसके साथ कोई भी मौजूद नहीं था।
स्थानीय लोगों ने की सराहना
पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की। लोगों का कहना है कि ऐसी मानवीय पहल से पुलिस के प्रति आमजन का भरोसा मजबूत होता है।
