मोबाइल की स्क्रीन से आंखों को बचाने की मुहिम, भाषा विश्वविद्यालय में छात्राओं की नि:शुल्क नेत्र जांच
ट्यूलिप आई वेयर के सहयोग से लगा नेत्र परीक्षण शिविर, विशेषज्ञों ने बताए आंखों की देखभाल और स्क्रीन टाइम नियंत्रित करने के उपाय
लखनऊ। मोबाइल और डिजिटल स्क्रीन के बढ़ते इस्तेमाल के बीच आंखों की सुरक्षा को लेकर ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय ने पहल की। विश्वविद्यालय ने सेवा संकल्प अभियान-2026 एवं नशा मुक्ति भारत अभियान के अंतर्गत रविवार को रानी लक्ष्मीबाई महिला छात्रावास में नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया। शिविर कैसरबाग स्थित ट्यूलिप आई वेयर के सहयोग से लगाया गया।
बड़ी संख्या में छात्राओं की आंखों की जांच
शिविर में बड़ी संख्या में छात्राओं की आंखों की नि:शुल्क जांच की गई। ट्यूलिप आई वेयर की विशेषज्ञ टीम ने छात्राओं को आंखों की सुरक्षा, स्वच्छता और नियमित देखभाल के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही मोबाइल फोन एवं अन्य डिजिटल स्क्रीन के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने और स्क्रीन टाइम संतुलित रखने के लिए जागरूक किया गया।
कुलपति प्रो. अजय तनेजा बोले: आंखों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता जरूरी
इस अवसर पर कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि आज के डिजिटल युग में मोबाइल और स्क्रीन विद्यार्थियों के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे में आंखों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाषा विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।
कुलपति ने छात्राओं से अपील की कि वे मोबाइल और डिजिटल स्क्रीन का इस्तेमाल आवश्यकता के अनुसार और संतुलित रूप से करें। साथ ही आंखों में किसी भी तरह की परेशानी होने पर समय रहते विशेषज्ञ से परामर्श लें।
आंखों की देखभाल के लिए विशेषज्ञों के जरूरी टिप्स
विशेषज्ञों ने छात्राओं को ये सलाह दी:
- मोबाइल या कंप्यूटर स्क्रीन का लगातार लंबे समय तक इस्तेमाल न करें और बीच-बीच में आंखों को आराम दें।
- पर्याप्त रोशनी में मोबाइल का इस्तेमाल करें।
- स्क्रीन को आंखों से उचित दूरी पर रखें।
- आंखों को बार-बार रगड़ने से बचें और उनकी स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
- नियमित नींद, पर्याप्त पानी और संतुलित आहार भी आंखों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं।
ये रहे कार्यक्रम में मौजूद
कार्यक्रम में कुलसचिव विकास, महिला छात्रावास की वार्डन डॉ. ममता शुक्ला, पुरुष छात्रावास के वार्डन डॉ. उधम सिंह, विधि अध्ययन संकाय के संकायाध्यक्ष डॉ. पीयूष कुमार त्रिवेदी और डॉ. राज कुमार सिंह मौजूद रहे। विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्राएं भी उपस्थित रहीं।
विश्वविद्यालय परिवार ने इस नि:शुल्क शिविर के आयोजन में सहयोग के लिए ट्यूलिप आई वेयर, कैसरबाग के संस्थापक मुकेश महाराज के प्रति आभार व्यक्त किया।
