कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
महाराष्ट्र में हिंदी-मराठी भाषा विवाद पर सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर अब सिर्फ महाराष्ट्र ही नहीं, पूरे देश की राजनीति गरमा गई है। खासतौर से मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बयानों के बाद माहौल और गर्म हो गया है। अब झारखंड से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने ठाकरे पर निशाना साधा है। निशिकांत दुबे ने राज ठाकरे को घेरते हुए कहा कि "मैं जिस क्षेत्र से सांसद हूं, वहीं से मधुलिमे जी आते हैं जिन्होंने इमरजेंसी में लोकतंत्र की रक्षा की थी। हमें भाषाई लड़ाई की जगह राष्ट्र निर्माण की बात करनी चाहिए।" दुबे ने ठाकरे की भाषा राजनीति की तुलना गुंडागर्दी से करते हुए Wikileaks का भी हवाला दिया। उन्होंने मनसे कार्यकर्ताओं द्वारा की गई हिंसक घटनाओं की कड़ी निंदा की और ठाकरे को "लोकतंत्र विरोधी" करार दिया। दुबे ने मराठा समुदाय के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि मुंबई की तरक्की में हर भाषा बोलने वाले लोगों का योगदान रहा है। इस बयान के बाद हिंदीभाषी नेताओं और पार्टियों में ठाकरे के खिलाफ माहौल बनता दिख रहा है। भाषा विवाद के बहाने अब राजनीतिक दल अपने-अपने एजेंडे को साधने में लगे हैं।