कैनविज टाइम्स, डिजिटल डेस्क ।
उत्तर भारत में मानसून पूरी रफ्तार से सक्रिय हो चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और राजस्थान में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तेज़ वर्षा जारी रहने की संभावना जताई गई है। इधर, हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में 30 जून की रात बादल फटने की घटना ने तबाही मचा दी। अब तक इस प्राकृतिक आपदा में 15 लोगों की मौत हो चुकी है और 58 लोग लापता हैं। सबसे ज्यादा नुकसान सराज क्षेत्र में हुआ है, जहां 46 लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य जारी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, विदर्भ, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी भारी बारिश की संभावना है। वहीं, महाराष्ट्र, तेलंगाना और गुजरात के कुछ हिस्सों पर भी विभाग की विशेष नजर है। IMD के प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि गोदावरी, कृष्णा और महानदी जैसी नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों पर भी सतर्कता बरतनी जरूरी है, क्योंकि अत्यधिक वर्षा बाढ़ जैसे हालात पैदा कर सकती है।