कैनविज टाइम्स,डिजिटल डेस्क।दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान, दिग्गज नेताओं की सीटों पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा। मतदान के दिन, कई अहम सीटों पर स्थिति पल-पल बदलती रही और नेताओं की धड़कनें तेज़ हो गईं। चुनावी आंकड़े बताते हैं कि बड़े नेताओं के मुकाबले कड़ी टक्कर का सामना कर रहे थे, जिससे परिणामों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। इस बीच, दोनों प्रमुख दलों के समर्थकों में जबरदस्त उत्साह और चिंता का माहौल रहा।
दिन चढ़ने के साथ बढ़ी मतदाताओं की संख्या
कालकाजी में आप से मुख्यमंत्री आतिशी, कांग्रेस से पूर्व विधायक अलका लांबा और भाजपा से पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी मैदान में हैं। इसी तरह जंगपुरा में आप से पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, कांग्रेस से पूर्व मेयर फरहाद सूरी और भाजपा से पूर्व विधायक तरविंदर सिंह मारवाह चुनाव लड़ रहे हैं। इन दोनों ही सीटों पर सुबह के समय मतदाताओं की उपस्थिति बहुत ज्यादा नहीं थी, लेकिन दिन चढ़ने के साथ साथ मतदान प्रतिशत में सुधार होता गया। शाम के समय यहां लंबी कतार भी देखने को मिली।
इन सीटों पर मतदाताओं ने किया जमकर मतदान
रोहिणी में भाजपा नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, आप से प्रदीप मित्तल और कांग्रेस से सुमेश गुप्ता लड़ रहे हैं। यहां मुख्य मुकाबला आप और भाजपा में ही है। ऐसे ही बादली में आप से निवर्तमान विधायक अजेश यादव, कांग्रेस से प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव और भाजपा से दीपक चौधरी मैदान में हैं। इन दोनों ही सीटों पर दिन भर कमोबेश एक जैसा माहौल देखने को मिला। मतदाता आते रहे और जाते रहे। किसी किसी मतदान केंद्र पर छिटपुट कतार भी रही।
इन सीटों पर सुबह रही ज्यादा भीड़
बाबरपुर में आप सरकार के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय, कांग्रेस से आप के पूर्व बागी विधायक हाजी इशराक खान एवं भाजपा से अनिल वशिष्ठ अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इस सीट पर सुबह के समय पर सर्वाधिक मतदान हुआ जबकि उसके बाद सामान्य स्तर पर चलता रहा। बाद में न यहां भीड़ दिखी और न ही मतदाताओं की कोई कतार नजर आई।