Search News

अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर भाषा विश्वविद्यालय के छात्रों ने नाटक, गीत, नृत्य से बिखेरी प्रतिभा

लखनऊ के एकेटीयू में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर भाषा विश्वविद्यालय के छात्रों ने नाटक, गीत, नृत्य और भाषण से समां बांधा। कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने की सराहना।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 13, 2026

अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर भाषा विश्वविद्यालय के छात्रों ने बिखेरी प्रतिभा, नाटक-गीत-नृत्य से बांधा समां

लखनऊ। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम में अपनी शानदार प्रस्तुतियों से खूब वाहवाही बटोरी। यह कार्यक्रम राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आयोजित किया गया था।

नाटक, गीत, नृत्य से दिया सामाजिक संदेश

भाषा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने 'हालात अलग, हौसला एक' नाटक के साथ-साथ नुक्कड़ नाटक, गीत, नृत्य एवं प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। अपनी इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने युवाओं के सपनों, संघर्ष, चुनौतियों, सामाजिक जिम्मेदारियों और सकारात्मक सोच का प्रभावी संदेश दिया। देशभक्ति गीतों पर विद्यार्थियों की जोशीली प्रस्तुति ने पूरे कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।

कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने की सराहना

भाषा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा कि कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की सदैव यह मंशा रही है कि विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप मंच मिले, ताकि वे अपनी रचनात्मक ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देते हुए समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान कर सकें।

उन्होंने आगे कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी परिवर्तनकारी शक्ति हैं। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी, इसलिए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रहित की भावना से जोड़ना आवश्यक है।

प्रो. तनेजा ने भाषा विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि नाटक, नुक्कड़ नाटक, गीत, नृत्य और भाषण जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करती हैं।

कई विश्वविद्यालयों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के शिक्षक, अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। भाषा विश्वविद्यालय के प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनकी शानदार प्रस्तुतियों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

Breaking News:

Recent News: