लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर मंगलवार को उत्तर विधानसभा क्षेत्र में जानकीपुरम स्थित मनसा लॉन में पीडीए महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया एवं क्षेत्र की जरूरतमंद महिलाओं में साड़ियां वितरित की गई। समारोह में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने अखिलेश यादव के जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में सामाजिक न्याय, महिला सम्मान और पीडीए की अवधारणा को मजबूत करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम की प्रभारी एवं उत्तर विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी पूजा शुक्ला ने कहा कि महिलाओं का सम्मान किसी भी समाज की सबसे बड़ी पहचान है। समाजवादी पार्टी हमेशा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, सम्मानित महिलाओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अखिलेश यादव के जन्मदिन की खुशियां मनाईं। इस दौरान ललित तिवारी, शैलेंद्र वर्मा, दिनेश यादव, मो हमजा व जगलाल यादव मौजूद थे।
