दुबई से लौटे युवक का ट्रॉली बैग चोरी, पासपोर्ट, सोना और दिरहम लेकर फरार
अमौसी एयरपोर्ट के बाहर कार में बैठाकर ठगी, आलमबाग बस अड्डे के पास उतारकर बैग लेकर भागे आरोपी
दुबई से लौटे एक युवक के साथ अमौसी एयरपोर्ट के बाहर कथित तौर पर धोखाधड़ी और चोरी की घटना सामने आई है। पीड़ित का आरोप है कि कुछ लोगों ने बातचीत के बहाने उसे अपनी कार में बैठाया और बाद में उसका ट्रॉली बैग लेकर फरार हो गए।
तीन साल बाद दुबई से लौटा था युवक
बलिया जनपद के उमरगंज बेल्थरा रोड निवासी महबूब आलम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह पिछले करीब तीन वर्षों से दुबई में रह रहा था। 27 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे वह दुबई से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचा।
कार में बैठाकर घुमाया, फिर हुई ठगी
एयरपोर्ट से बाहर निकलने पर उसकी मुलाकात दीपक वर्मा, राम प्रताप दुबे, अर्शदीप और उनके तीन अन्य साथियों से हुई, जो कथित रूप से काले रंग की ब्रेजा कार (नंबर PB10KJ5375) से आए थे। महबूब का आरोप है कि आरोपियों ने बातचीत के बहाने उसे कार में बैठा लिया और काफी देर तक इधर-उधर घुमाने के बाद आलमबाग बस अड्डे के पास उतार दिया। इस दौरान कार में रखा उसका ट्रॉली बैग वापस नहीं किया और आरोपी बैग लेकर फरार हो गए।
बैग में थे पासपोर्ट, सोना और दिरहम
पीड़ित के अनुसार ट्रॉली बैग में उसका पासपोर्ट, कपड़े, सोने के कैप्सूल तथा दुबई की मुद्रा दिरहम रखी थी। उसने आरोपियों की काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने पुलिस से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
