Search News

आलमबाग में कैशियर गिरफ्तार, कंपनी से 63 लाख रुपये की हेराफेरी का आरोप

लखनऊ के आलमबाग थाना पुलिस ने श्रेया ऑटो वर्ल्ड कंपनी के पूर्व कैशियर आकाश श्रीवास्तव को 63.72 लाख रुपये की गबन के आरोप में सीतापुर से गिरफ्तार किया।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: September 5, 2026

लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट: कंपनी की धनराशि में गबन के मामले में कैशियर गिरफ्तार

लखनऊ के आलमबाग थाना क्षेत्र में कंपनी की रकम में हेराफेरी और गबन के एक मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी 4 सितंबर 2026 को सीतापुर जिले से की गई।

क्या है पूरा मामला?

श्रेया ऑटो वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड, आलमबाग के निदेशक गगन दीप सिंह नरूला ने आलमबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कंपनी में कैशियर के पद पर तैनात आकाश श्रीवास्तव ने 3 जून 2025 से 20 अक्टूबर 2025 के बीच अलग-अलग तारीखों में डे-बुक में दर्ज एंट्री के अनुसार कंपनी से कुल 63,72,463 रुपये निकाले।

अभियुक्त ने दावा किया था कि उसने यह रकम बैंक में जमा कर दी है, लेकिन बैंक खाते की जांच में यह राशि जमा नहीं मिली। बार-बार मांगने के बावजूद रकम वापस नहीं की गई, जिसके बाद 26 फरवरी 2026 को थाना आलमबाग में धारा 316(5) बीएनएस के तहत मुकदमा (केस नंबर 28/2026) दर्ज किया गया।

पुलिस टीम ने ऐसे दबोचा आरोपी को

थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में उपनिरीक्षक कुंवर वीर विक्रम सिंह, आरक्षी विजय सिंह और आरक्षी अर्पित कुमार की टीम ने सीतापुर जिले के महोली थाना क्षेत्र स्थित ग्राम कुसैला में आरोपी के घर पहुंचकर उसे 4 सितंबर 2026 को रात करीब 1:16 बजे गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

  • नाम: आकाश श्रीवास्तव
  • पिता का नाम: विनय श्रीवास्तव
  • पता: ग्राम कुसैला, थाना महोली, जिला सीतापुर
  • उम्र: लगभग 25 वर्ष

पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों और जिलों से जुटा रही है। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Breaking News:

Recent News: