Search News

उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान के योगाभ्यास कार्यक्रम में उमड़ा उत्साह, विद्यार्थियों संग बड़ी संख्या में लोगों ने किया सामूहिक योग

योगा
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: June 21, 2026

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान की ओर से सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-यू, अलीगंज में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान के निदेशक सर्वेश कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता सहित अन्य अतिथियों का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि अनूप गुप्ता ने कहा कि योग और व्यायाम तन एवं मन दोनों को स्वस्थ रखने का सर्वोत्तम माध्यम हैं। योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि संतुलित एवं सुखी जीवन जीने की एक प्रभावी जीवनशैली है। उन्होंने सभी से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। निदेशक सर्वेश कुमार सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। यह केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के संतुलित विकास का आधार भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की। योगाभ्यास का संचालन प्रवेंद्र कुमार सिंह एवं प्रियंका सिंह ने सहयोगियों के साथ किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, शलभासन, पवनमुक्तासन, मकरासन, सेतुबंधासन तथा शवासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और ध्यान का भी अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक अभिनव भार्गव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन भावना सिंह ने किया।

Breaking News:

Recent News: