उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन ने सावन उत्सव मनाया
लखनऊ। उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन (NRWWO) की ओर से साकेत क्लब में पारंपरिक सावन उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा निरुपमा वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
सावन की लोक परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
सावन की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित इस उत्सव में संगठन की सदस्यों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों का मन मोह लिया।
'मां के नाम एक पेड़' और 'कैच द रेन' अभियान के तहत पौध वितरण
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया गया। 'मां के नाम एक पेड़' और 'कैच द रेन' अभियानों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए संगठन की ओर से पौधों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर निरुपमा वर्मा ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति एवं पर्यावरण की रक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न रेलवे संगठनों की रही सहभागिता
सावन उत्सव में उत्तर रेलवे मुख्यालय, नई दिल्ली के गणमान्य अधिकारियों एवं अतिथियों के अलावा अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) तथा पूर्वोत्तर रेलवे के रेलवे महिला कल्याण संगठनों की सदस्यों ने भी सहभागिता की।
