लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। डाॅ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के क्रिकेट मैदान पर रविवार को एकेटीयू इलेवन एवं मीडिया इलेवन के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मुकाबले में एकेटीयू इलेवन ने मीडिया इलेवन को एकतरफा ढंग से 63 रनों से हराया। इसके पहले 15-15 ओवरों के इस मैच में टाॅस जीतकर मीडिया इलेवन के कप्तान जावेद मुस्तफा ने एकेटीयू इलेवन को पहले बल्लेबाजी करने का निमंत्रण दिया। एकेटीयू इलेवन की ओर से सलामी बल्लेबाज कुंदन और सिद्धार्थ यादव ने टीम को सधी और आक्रामक शुरूआत दिलायी। कुंदन ने अपने अंदाज में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 24 गेंदों में पांच छक्के और दो चौके की मदद से 46 रनों की पारी खेली। तीन जीवनदान मिलने का फायदा उठाते हुए सिद्धार्थ यादव ने 48 रन ठोंके। वहीं अंतिम ओवरों में रामगोपाल ने ताबड़तोड़ बैटिंग करते हुए मात्र आठ गेंदों में 20 रन बनाये। कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय ने छह, शिशिर ने सात, रितिक ने पांच रनों का योगदान दिया। जिसकी बदौलत टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 147 रनों का विशाल लक्ष्य मीडिया इलेवन के समक्ष रखा। कप्तान जावेद ने दो, सौरभ, अभय, ऋषि ने एक एक विकेट चटकाये। मीडिया इलेवन के खराब क्षेत्ररक्षण का फायदा भी एकेटीयू इलेवन के बल्लेबाजों को मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मीडिया इलेवन की टीम शुरू से ही दबाव में आ गयी। टीम के सलामी बल्लेबाज अभय और नवीन पारी के दूसरे ओवर में ही अशोक के लगातार दो गेंदों पर अपना विकेट गंवा दिया। शुरूआती दो झटकों से टीम उबर नहीं नहीं सकी। हालांकि अब्बास 13, सौरभ 20 और सूरज ने 15 रन बनाकर कुछ देर संघर्ष किया। लेकिन एकेटीयू की सधी गेंदबाजी और फील्डिंग के आगे टीम बेबस नजर आयी। 15 ओवरों में मीडिया इलेवन की टीम 9 विकेटों के नुकसान पर 84 रन ही बना पायी और मैच 63 रनों के बड़े अंतर से हार गयी। गेंदबाजी टीम की ओर से अशोक और मोहित ने दो-दो विकेट लिये। शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच कुंदन को चुना गया।

इस मौके पर कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय ने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव कम करने के लिए खेल बहुत जरूरी है। इससे न केवल स्वास्थ्य को फायदा होता है बल्कि नई उर्जा के साथ कार्य को और बेहतर किया जा सकता है। मैच के दौरान प्रति कुलपति प्रो0 राजीव कुमार, वित्त अधिकारी केशव सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो0 ओपी सिंह, एसो0 डीन इनोवेशन डाॅ0 अनुज कुमार शर्मा, आशीष त्रिवेदी, अक्षय कुमार, विवेक राव, सहा0 कुलसचिव रंजीत सिंह, महीप सिंह, आयुष तिवारी राजीव मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
