• ट्रांसक्रिप्ट भी अब होगी निशुल्क, कार्य परिषद की बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर
लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के 24वें दीक्षांत समारोह में 83 मेधावी छात्रों को कुल 84 पदक प्रदान किए जाएंगे। शुक्रवार को कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई कार्य परिषद की बैठक में पदकों और डिग्रियों के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस बार चांसलर मेडल अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज, गाजियाबाद की बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की छात्रा अंशिका राणा को दिया जाएगा। वहीं, कमल रानी वरुण स्मृति स्वर्ण पदक केआईईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की छात्रा इशिका को प्रदान किया जाएगा। दीक्षांत समारोह में 62,537 छात्रों को डिग्री और 52 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी। कुल पदक विजेताओं में 52 छात्राएं और 31 छात्र शामिल हैं। इनमें 35 स्वर्ण, 23 रजत और 24 कांस्य पदक दिए जाएंगे। बैठक में छात्रों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए मार्कशीट और डिग्री के साथ ट्रांसक्रिप्ट भी निशुल्क उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। साथ ही ऑनर्स और माइनर कोर्स संचालित होने के कारण मूक्स ऑनर्स कोर्स समाप्त करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
महिला उद्यमिता से लेकर डीप टेक और एग्रीटेक तक के नवाचारों को मिलेगा पुरस्कार
एकेटीयू का 24वां दीक्षांत समारोह केवल डिग्री वितरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नवाचार और उद्यमिता को भी सम्मान मिलेगा। विश्वविद्यालय के इनोवेशन हब की ओर से इस वर्ष पांच छात्र स्टार्टअप को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। सात जुलाई को राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगी। महिला नेतृत्व वाले स्टार्टअप श्रेणी में मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की छात्रा इर्तिका रेहमान के स्टार्टअप वैक्सर इमर्सिव प्रा. लि. को सम्मान मिलेगा। बेस्ट डीप टेक स्टार्टअप अवार्ड अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज के अवि मित्तल के वोरटेक्स ऑटोनॉमस सिस्टम प्रा. लि. को दिया जाएगा। इसी प्रकार बेस्ट टेक इनोवेशन श्रेणी में सोनू भगत के डर्माशुद्धि एलएलपी, एग्रीकल्चर एंड एग्रीटेक श्रेणी में आदर्श सिंह के एग्रोलेन्स प्रा. लि. तथा सस्टेनेबल एंड ग्रीन स्टार्टअप श्रेणी में अमन कुमार के नेक्सोनिक्स रिफ्लेक्सा प्रा. लि. को सम्मानित किया जाएगा।
गोद लिए गांवों के स्कूलों के छात्रों की पेंटिंग, कहानी लेखन और भाषण प्रतियोगिता संपन्न
एकेटीयू के दीक्षोत्सव कार्यक्रम के तहत गोद लिए गए गांवों के विद्यालयों के छात्रों के बीच शुक्रवार को पेंटिंग, कहानी लेखन और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के विजेता छात्रों को सात जुलाई को दीक्षांत समारोह के मंच से राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल सम्मानित करेंगी। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के गोद लिए गांवों के प्राथमिक विद्यालयों और इंटर कॉलेजों के कक्षा तीन से 12 तक के छात्रों ने भाग लिया। छात्रों को जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और 'मेरी मां' विषय पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय की पत्नी सरोज पाण्डेय ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्रों की पेंटिंग, कहानी लेखन और भाषण की सराहना की। विजेता छात्रों की पेंटिंग दीक्षांत समारोह में प्रदर्शित की जाएगी, जबकि भाषण और कहानी लेखन का संकलन पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल सभी छात्रों को सहभागिता के लिए सम्मानित भी किया गया।
