आम उत्पादकों के उत्साहवर्धन हेतु एसबीआई का भव्य मैंगो मीट-2026

मलिहाबाद/लखनऊ। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की मलिहाबाद शाखा द्वारा मंगलवार को अब्दुल्लाह नर्सरी में ‘मैंगो मीट-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक के सम्मानित ग्राहकों, आम व्यापारियों, आढ़तियों एवं किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसबीआई लखनऊ के उप महाप्रबंधक धीरज कुमार ने किसानों और ग्राहकों से बैंक की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने तथा आधुनिक बैंकिंग सेवाओं से अधिकाधिक जुड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर विश्वविख्यात आम विशेषज्ञ कलीमुल्ला खान को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक अवंतिका सिंह मिश्रा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी किसानों, ग्राहकों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। वहीं प्रधान कार्यालय से आए प्रबंधक आलोक तिवारी ने बैंक की जमा, ऋण तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान उप महाप्रबंधक धीरज कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक अवंतिका सिंह मिश्रा एवं शाखा प्रबंधक राजेंद्र बहादुर सिंह ने उत्कृष्ट ग्राहकों को शॉल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। @kanwhizztimes
इसके अलावा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दिवंगत बीमाधारकों के नामितों मोहित कुमार एवं शिव सागर द्विवेदी को दो-दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि के चेक प्रदान किए गए। कार्यक्रम में बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
