Search News

ऐशबाग जंक्शन पर यात्री सुविधाओं पर रेलवे का सकारात्मक आश्वासन

लखनऊ के ऐशबाग जंक्शन पर शौचालय, फुट ओवर ब्रिज, एस्केलेटर और वाटर कूलर जैसी यात्री सुविधाओं के विस्तार पर रेलवे प्रशासन ने दी अहम जानकारी। पढ़ें पूरी खबर।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 26, 2026

ऐशबाग जंक्शन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग पर रेलवे प्रशासन ने दिया सकारात्मक आश्वासन

शौचालय, फुट ओवर ब्रिज, एस्केलेटर और वाटर कूलर की सुविधाओं पर रेलवे ने दी जानकारी

लखनऊ। ऐशबाग जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि लगातार प्रयासरत हैं। सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी तथा भाजपा नगर कार्य समिति सदस्य एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष गणेश कनौजिया ने रक्षा मंत्री एवं सांसद राजनाथ सिंह के संज्ञान में यह मुद्दा रखा था।

क्या-क्या सुविधाओं की रखी गई मांग

जनप्रतिनिधियों ने रेलवे प्रशासन से यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्लेटफार्मों पर पर्याप्त शौचालय व्यवस्था, प्लेटफार्म संख्या 1 से 6 तक शेड निर्माण, फुट ओवर ब्रिज एवं एस्केलेटर की व्यवस्था तथा सभी प्लेटफार्मों पर स्वच्छ पेयजल एवं वाटर कूलर की व्यवस्था की मांग की थी।

रेलवे ने बताई मौजूदा और स्वीकृत सुविधाएं

अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑप.), लखनऊ मंडल, पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से 13 अगस्त 2026 को जारी पत्र में जानकारी दी गई कि प्लेटफार्म संख्या 2/3 एवं 4/5 पर शौचालय पहले से उपलब्ध हैं, जबकि प्लेटफार्म संख्या 1 एवं 6 पर निर्माण प्रस्तावित है। ऐशबाग स्टेशन NSG-03 श्रेणी का स्टेशन है, जहां 1260 वर्गमीटर प्लेटफार्म शेल्टर मौजूद है।

फुट ओवर ब्रिज और एस्केलेटर की स्थिति

स्टेशन पर एक फुट ओवर ब्रिज (FOB) पहले से उपलब्ध है, जबकि लिफ्ट एवं एस्केलेटर युक्त एक अन्य फुट ओवर ब्रिज का निर्माण स्वीकृत किया जा चुका है।

पेयजल व्यवस्था: कुल 120 वाटर टैप उपलब्ध

रेलवे के अनुसार प्लेटफार्म संख्या 1 पर 2, प्लेटफार्म 2/3 पर 1, प्लेटफार्म 4/5 पर 2 तथा प्लेटफार्म 6 पर 1 वाटर कूलर सहित कुल 120 वाटर टैप उपलब्ध हैं। इसके अलावा 3 और वाटर कूलर लगाए जाने का कार्य स्वीकृत किया गया है।

श्री कनौजिया ने कहा कि ऐशबाग जंक्शन लखनऊ का एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है।

Breaking News:

Recent News: