Search News

ऐशबाग रामलीला ग्राउंड में 18वें सपादलक्ष रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन, 5500 रुद्र का हुआ पूजन

लखनऊ के ऐशबाग रामलीला ग्राउंड में शिव सेवा परिवार द्वारा 18वें सपादलक्ष रुद्राभिषेक का आयोजन, "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ 5500 रुद्र की सामूहिक पूजा संपन्न।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: July 30, 2026

ऐशबाग में 18वें सपादलक्ष रुद्राभिषेक "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ विधिवत संपन्न

शिव सेवा परिवार के तत्वावधान में 27 चौकियों पर हुआ 5,500 रुद्र का सामूहिक अभिषेक, ऋषिकेश से मंगाया गया 540 लीटर गंगाजल

लखनऊ। शिव सेवा परिवार के तत्वावधान में श्रावण मास कृष्ण पक्ष प्रतिपदा, गुरुवार को रामलीला ग्राउंड, ऐशबाग में 18वें सपादलक्ष रुद्राभिषेक "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ विधिवत संपन्न हुआ।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ षोडशोपचार पूजन

कार्यक्रम में प्रमुख आचार्य गिरजाशंकर दीक्षित, शिवशंकर पाण्डेय एवं डॉ. योगेश व्यास सहित पाँच सहयोगी आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव एवं शिव परिवार का षोडशोपचार पूजन संपन्न कराया। पूजन में भगवान का आवाहन, पाद्य, अर्घ्य, आचमन, स्नान, सुगंधित जलाभिषेक, वस्त्र, यज्ञोपवीत, चंदन, अक्षत, मिश्रित अन्न, गुलाल, बेलपत्र, पुष्प, धूप, दीप, नैवेद्य, पान, सुपारी, ऋतु-फल, दक्षिणा, स्तुति, आरती, पुष्पांजलि एवं विसर्जन सहित समस्त वैदिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। साथ ही समस्त श्रद्धालुओं की मनोकामनाओं की पूर्ति एवं लोककल्याण की प्रार्थना भगवान शिव से की गई।

5,500 रुद्र का हुआ सामूहिक अभिषेक

आयोजक अमरनाथ मिश्र ने बताया कि 27 चौकियों पर शिव परिवार के साथ 5,500 रुद्र विराजमान कर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रुद्राभिषेक एवं पूजन किया। भगवान शिव के अभिषेक हेतु ऋषिकेश से 540 लीटर गंगाजल तथा 3 कुंतल गौ-दूध विशेष रूप से मंगाया गया।

पर्यावरण संरक्षण का भी रखा ध्यान

हरीशचन्द्र अग्रवाल ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए रामलीला मैदान में ही निर्धारित स्थान पर गड्ढा बनाकर पूजन में प्रयुक्त मूर्तियों का विधिवत विसर्जन किया गया।

इस अवसर पर हरिश्चन्द्र अग्रवाल, अमरनाथ मिश्र, राजेंद्र कुमार अग्रवाल, अरविंद तिवारी, उमेश शर्मा, पवन मनोचा, लोकेश अग्रवाल, सूर्य प्रकाश शुक्ला, शिवम बंसल, संदीप कांत राजन, विनोद अग्रवाल, उत्कर्ष त्रिपाठी, अतुल त्रिपाठी, सतीश चंद्र मिश्रा, दीपक बाजपेई, संजय श्रीवास्तव, नीरज मिश्रा, मयंक मनोचा और वर्षा आदि शिव भक्त उपस्थित रहे।

 

Breaking News:

Recent News: