Search News

ऑनलाइन रिटर्न भरने का प्रशिक्षण, 60 औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा

एक दिवसीय कार्यशाला
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Dhirendra Mishra
  • Updated: July 1, 2026

लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संचालन प्रभाग), सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के राज्य राजधानी क्षेत्रीय कार्यालय, लखनऊ की ओर से बुधवार को निगमित सेवा क्षेत्र के उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण-2026 के तहत एक दिवसीय कार्यशाला एवं शिविर का आयोजन किया गया। विकास नगर स्थित एनएसएसओ भवन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में करीब 60 औद्योगिक इकाइयों के स्वामियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यशाला का शुभारंभ उप-महानिदेशक डॉ. सुचिता गुप्ता ने किया। उन्होंने निगमित सेवा क्षेत्र के वार्षिक सर्वेक्षण की आवश्यकता, महत्व और आंकड़ों के नीति निर्माण में उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद सीक्यूसीडी लखनऊ के उप-महानिदेशक मनोज कुमार ने कहा कि इस सर्वेक्षण से सेवा क्षेत्र की प्रगति का आकलन करने और प्रभावी नीतियां बनाने में सहायता मिलेगी। उप निदेशक अंशिका बाजपेई और उनकी टीम ने ऑनलाइन रिटर्न भरने की प्रक्रिया को खंडवार समझाया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने स्वयं ऑनलाइन विवरणी भरने का अभ्यास किया। किसी भी प्रकार की शंका होने पर वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारियों की टीम ने मौके पर ही उसका समाधान किया, जिससे अधिकांश प्रतिभागियों को ऑनलाइन रिटर्न भरने में आसानी हुई। ऑनलाइन विवरणी सफलतापूर्वक जमा करने वाले प्रतिनिधियों को विभाग की ओर से उप निदेशक डिम्पल सिंह एवं उप निदेशक अंशिका बाजपेई ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में अंशिका बाजपेई ने सभी प्रतिभागियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला के सफल आयोजन पर धन्यवाद ज्ञापित किया।

Breaking News:

Recent News: