कोरांव में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम; अधिकारियों ने किया ध्वजारोहण
प्रयागराज। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रयागराज के कोरांव तहसील क्षेत्र में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। सरकारी कार्यालयों, न्यायालयों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को नमन किया गया।
सेंट मैरी स्कूल कोरांव में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किए और गीतों के माध्यम से देशप्रेम का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि तहसीलदार रोशनी सोलंकी, फादर जॉर्ज मेडेपल्ली सहित स्कूल का स्टाफ मौजूद रहा।
वहीं ब्लॉक कार्यालय कोरांव, सिंचाई विभाग और नगर पंचायत कार्यालय में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर पंचायत कार्यालय में चेयरमैन ओम प्रकाश केशरी सहित सभासद और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
तहसील कोरांव में एसडीएम ठाकुर प्रसाद और तहसीलदार रोशनी सोलंकी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
थाना कोरांव में थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने पुलिसकर्मियों के साथ तिरंगा फहराया। वहीं थाना उतरांव में थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा ने पुलिस स्टाफ के साथ ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस मनाया।
ग्राम न्यायालय कोरांव में दंडाधिकारी अभय दीप विश्वकर्मा ने समस्त स्टाफ के साथ ध्वजारोहण किया। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव में अधीक्षक डॉ. केबी सिंह और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
सीडीपीओ कार्यालय कोरांव में सीडीपीओ योगेंद्र दुबे ने आंगनवाड़ी सुपरवाइजर और अन्य कर्मचारियों के साथ ध्वजारोहण किया। वहीं विद्युत उपखंड कार्यालय सहित पूरे कोरांव क्षेत्र में विभिन्न सरकारी और सार्वजनिक स्थानों पर स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नई पीढ़ी को बताया स्वतंत्रता का इतिहास
ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद लोगों का मुंह मीठा कराया गया। कार्यक्रमों के दौरान बच्चों और नई पीढ़ी को देश की आजादी के संघर्ष और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपने देश के इतिहास और शहीदों के त्याग से परिचित कराना जरूरी है, ताकि देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत बनी रहे।
