लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। छोटी लाल कुर्ती, सदर कैंट में सोमवार को गणपति बप्पा के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। श्री श्री नवयुवक समिति एवं अन्नपूर्णा ग्रुप की ओर से गणपति बप्पा का भव्य आगमन श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ कराया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और गणपति बप्पा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। आयोजन स्थल पर सजाया गया भव्य गणपति दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।

वहीं, मनमोहक गंगा घाट आरती की विशेष प्रस्तुति ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। गणपति बप्पा के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। गणेश उत्सव के तहत 15 और 16 सितंबर को विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें सुंदरकांड पाठ, बच्चों की सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियां, भजन संध्या और भव्य महाझांकी प्रमुख रूप से शामिल हैं। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रमों में क्षेत्र के लोगों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। उत्सव का समापन 17 सितंबर को गणपति बप्पा के भव्य विसर्जन के साथ होगा। गणपति उत्सव को लेकर छोटी लाल कुर्ती और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।

