Search News

गाजीपुर पुलिस की साइबर टीम ने ट्रेस की ठगी रकम, पीड़ित को लौटाए 1.90 लाख

लखनऊ के गाजीपुर थाना पुलिस की साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण और बैंकिंग जांच के बाद पीड़ित से ठगी गई 1.90 लाख रुपये की पूरी रकम वापस कराई। जानिए पूरा मामला।
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 12, 2026

साइबर ठगी की पूरी रकम वापस, गाजीपुर पुलिस ने पीड़ित को लौटाए 1.90 लाख रुपये

लखनऊ। थाना गाजीपुर पुलिस की साइबर टीम ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित से ठगी गई 1.90 लाख रुपये की पूरी धनराशि वापस करा दी। तकनीकी विश्लेषण और बैंकिंग लेनदेन की जांच के बाद पुलिस टीम ने ठगी की रकम को ट्रेस कर पीड़ित के खाते में वापस कराया।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, 25 फरवरी 2026 को इंदिरानगर निवासी अमित मिश्रा ने थाना गाजीपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर उनके बंधन बैंक खाते से 1.90 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए हैं। मामले में साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही थाना गाजीपुर में मु0अ0सं0 74/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

तकनीकी विश्लेषण से पकड़ी गई रकम

विवेचना के दौरान साइबर टीम ने बैंकिंग ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि ठगी की धनराशि का इस्तेमाल HDFC बैंक क्रेडिट कार्ड के बिल का भुगतान करने में किया गया था। पुलिस टीम ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर धनराशि को ट्रेस किया और पूरी 1.90 लाख रुपये की रकम पीड़ित के खाते में वापस करा दी।

मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित अमित मिश्रा ने लखनऊ पुलिस और थाना गाजीपुर की साइबर टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

टीम में रहे ये अधिकारी

धनराशि वापस कराने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राकेश वर्मा, उपनिरीक्षक अभिषेक वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक/कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-'B' आमिर अली खान तथा कांस्टेबल गौरव शर्मा शामिल रहे।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें, साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं तथा संबंधित बैंक को भी तत्काल सूचना दें। समय रहते शिकायत किए जाने पर ठगी गई रकम को ट्रेस कर वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।

Breaking News:

Recent News: