लखनऊ में 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, जानें पूरा रूट, समय और कार्यक्रम
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में श्री श्री राधा रमण बिहारी मंदिर (इस्कॉन), सुशांत गोल्फ सिटी की ओर से 16 जुलाई (गुरुवार) को भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथ यात्रा महामहोत्सव का आयोजन किया जाएगा। विश्वभर में आयोजित होने वाली जगन्नाथ रथ यात्रा की तर्ज पर इस बार भी लखनऊ में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भव्य धार्मिक आयोजन होगा।
इस्कॉन लखनऊ के अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभु ने बताया कि रथ यात्रा से पूर्व 15 जुलाई (बुधवार) को मंदिर परिसर में 'गुण्डिचा मार्जन' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुबह 5:00 बजे से 9:00 बजे तक भक्तजन 100 झाड़ू और 100 जल के मटकों के साथ मंदिर की साफ-सफाई करेंगे और हरिनाम संकीर्तन करते हुए भगवान श्री जगन्नाथ का स्वागत करेंगे। कार्यक्रम के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी।
उसी दिन शाम 4:00 बजे भगवान जगन्नाथ की विशेष आरती भी संपन्न होगी।
16 जुलाई को रथ यात्रा का कार्यक्रम
- सुबह 10:00 बजे: हरिनाम संकीर्तन
- दोपहर 2:30 बजे: परम पूज्य भक्ति पद्म सौरभ प्रचारक स्वामी महाराज के सानिध्य में प्रवचन एवं कथा
- शाम 4:00 बजे: भगवान जगन्नाथ की आरती एवं रथ यात्रा का शुभारंभ
- रात्रि 8:00 बजे: जहाँगीराबाद पैलेस (डीएम आवास के समीप, हजरतगंज) में रथ यात्रा का समापन
- रात्रि 8:00 बजे: दिव्य महाप्रसाद (भंडारा)
रथ यात्रा में शामिल होंगे कई विशिष्ट अतिथि
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, ऊर्जा मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव सहित कई गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।
रथ यात्रा के मुख्य आकर्षण
- भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा महारानी के भव्य मुख्य रथ सहित चार विशेष रथ
- राम दरबार, राधा-कृष्ण एवं श्रील प्रभुपाद की झांकियां
- आधुनिक साउंड सिस्टम के साथ भव्य हरिनाम संकीर्तन
- मुकुंदा रॉक बैंड की विशेष प्रस्तुति
- इस्कॉन गर्ल्स फोरम द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नृत्य-नाटिका
- प्रभुपाद यूथ आर्मी (PYA) द्वारा रंगोली एवं सेवा कार्य
- भगवान जगन्नाथ को 256 प्रकार के छप्पन भोग का विशेष प्रसाद
- श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा, चंदन, गुलाबजल और इत्र से स्वागत
- श्रीमद्भगवद्गीता एवं 90 से अधिक आध्यात्मिक पुस्तकों का निःशुल्क वितरण
रथ यात्रा का रूट
रथ यात्रा शाम 4:00 बजे रविंद्रालय, चारबाग से प्रारंभ होकर बासमंडी चौराहा, हीवेट रोड, कैंट चौराहा (बर्लिंगटन), नावेल्टी सिनेमा, हलवासिया तिराहा, हजरतगंज होते हुए वापस जहाँगीराबाद पैलेस (डीएम आवास के समीप) पहुंचकर संपन्न होगी।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने और रथ यात्रा महोत्सव का हिस्सा बनने की अपील की है।
