जनता की आवाज़ सदन तक: डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनी नगर को जलभराव से मुक्ति का मुद्दा उठाया
विधानसभा मानसून सत्र में नियम-51 के तहत उठाई 10 नाला परियोजनाओं की मांग
सरोजनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में नियम-51 के अंतर्गत सरोजनी नगर में जलभराव की गंभीर समस्या को सदन में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने 10 महत्वपूर्ण नाला परियोजनाओं के निर्माण एवं वित्तीय स्वीकृति की मांग की।
किन क्षेत्रों के लिए उठाई मांग
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि तेज़ी से विकसित हो रहे सरोजनी नगर में प्रभावी जल निकासी व्यवस्था समय की ज़रूरत है। उन्होंने निम्नलिखित क्षेत्रों में प्रस्तावित नाला परियोजनाओं के निर्माण, चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का विषय सदन में उठाया:
- साईं दाता रोड (अहिमामऊ)
- शांति नगर
- गिंदन खेड़ा
- अमौसी
- बंगला बाजार
- अर्जुनगंज (सरस्वतीपुरम)
- कानपुर रोड
- ग्राम अमौसी
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से हज़ारों परिवारों को जलभराव से स्थायी राहत मिलेगी।
दिसंबर 2025 में भी उठाया था मुद्दा
विधायक ने सदन को अवगत कराया कि यह विषय दिसंबर 2025 में भी नियम-51 के अंतर्गत उठाया गया था। सरकार द्वारा दिए गए आश्वासन का उल्लेख करते हुए उन्होंने सभी लंबित परियोजनाओं को शीघ्र वित्तीय स्वीकृति देकर कार्य शुरू कराने का आग्रह किया।
जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता: राजेश्वर सिंह
डॉ. राजेश्वर सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार इस महत्वपूर्ण जनहित के विषय पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगी और आगामी दिनों में सदन को इसकी प्रगति से अवगत कराएगी। उन्होंने कहा कि सरोजनी नगर की जनता से जुड़े हर मुद्दे को पूरी मजबूती से विधानसभा में उठाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
