Search News

जियो टैगिंग के विरोध में किराना एवं गल्ला व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया सांकेतिक धरना, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा

लखनऊ किराना कमेटी व गल्ला खाद्य व्यापार मंडल ने जियो टैगिंग के विरोध में राजाबाजार में बाजार बंद कर धरना दिया, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, अनिश्चितकालीन बंद की चेतावनी
  • By Kanhwizz Times
  • Reported By: Shivam Srivastava
  • Updated: August 17, 2026

जियो टैगिंग के विरोध में किराना एवं गल्ला व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया सांकेतिक धरना, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा

लखनऊ। जियो टैगिंग के विरोध में व्यापारियों ने रविवार को लखनऊ किराना कमेटी एवं लखनऊ गल्ला खाद्य व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में किराना बाजार, राजाबाजार, सुभाष मार्ग स्थित राम मंदिर के पास बाजार बंद कर जोरदार सांकेतिक धरना दिया गया। व्यापारियों ने सरकार एवं मंडी परिषद के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जियो टैगिंग व्यवस्था तत्काल समाप्त करने की मांग की।

व्यापारियों के उत्पीड़न का नया हथियार बन रही जियो टैगिंग: अमरनाथ मिश्र

धरने को संबोधित करते हुए लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि सरकार व्यापारियों की सहनशीलता की परीक्षा न ले। अब व्यापारी चुप बैठने वाला नहीं है। लगातार नए-नए नियम थोपकर व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है। जियो टैगिंग जैसी अव्यावहारिक व्यवस्था व्यापार को सरल बनाने के बजाय अधिकारियों के हाथ में व्यापारियों के उत्पीड़न का नया हथियार बना रही है। लालफीताशाही, अनावश्यक विभागीय उत्पीड़न ने व्यापारियों का जीना मुश्किल कर दिया है।

अनिश्चितकालीन बंद और विधानसभा घिराव की चेतावनी

अमरनाथ मिश्र ने दो टूक कहा कि अब यह लड़ाई केवल ज्ञापन देने तक सीमित नहीं रहेगी। यदि जियो टैगिंग व्यवस्था वापस नहीं ली गई तो बाजारों को अनिश्चितकालीन बंद और कृषि भवन से लेकर विधान सभा तक का घिराव किया जाएगा। मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसीपी चौक को सौंपा गया।

गेट पास के गंतव्य तक जियो टैगिंग जटिल व्यवस्था: राजेन्द्र कुमार अग्रवाल

लखनऊ गल्ला खाद्य व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं लखनऊ व्यापार मण्डल के चेयरमैन राजेन्द्र कुमार अग्रवाल ने कहा कि जियो टैगिंग व्यापारियों के लिए अत्यंत जटिल और अव्यावहारिक व्यवस्था है। परचून एवं थोक व्यापार में जारी होने वाले प्रत्येक गेट पास का गंतव्य तक पहुंचने पर जियो टैग के माध्यम से निस्तारण करना होगा। शहर में नो-एंट्री के कारण माल की लोडिंग-अनलोडिंग देर रात अथवा सुबह होती है।

कृषि उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि ट्रांसपोर्ट के माध्यम से आने वाले माल का समय निश्चित नहीं होता। एक ही वाहन में अलग-अलग जिंसों के लिए अलग-अलग गेट पास जारी होते हैं। प्रत्येक गेट पास के लिए अलग जियो टैगिंग करना पड़ेगा।

पहले से लागू ऑनलाइन प्रक्रियाओं का हवाला

किराना कमेटी के महामंत्री प्रशान्त गर्ग ने कहा कि व्यापारी जियो टैगिंग की इस व्यवस्था का पुरजोर विरोध करते हैं। पहले से ही प्री-अराइवल स्लिप, गेट पास सहित कई ऑनलाइन प्रक्रियाएं लागू हैं।

हजारों व्यापारी रहे मौजूद

धरने में महानगर अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल, किराना कमेटी के अध्यक्ष रामशंकर अवस्थी, महामंत्री प्रशान्त गर्ग, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र अग्रवाल, पाण्डेयगंज व्यापार मंडल के महामंत्री राजकुमार अग्रवाल, गिरधर लाल गुप्ता, श्रवण मिश्रा, पीयूष जी रामचन्द्र अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, योगेन्द्र अग्रवाल, कृष्ण जीवन रस्तोगी, अमित अग्रवाल, सौरभ अवस्थी, अतुल कुमार अग्रवाल, कृष्ण गोपाल अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, संजय अग्रवाल, सोमिल गुप्ता सहित हजारों की संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

 

 

 

Breaking News:

Recent News: