लखनऊ, कैनविज टाइम्स संवाददाता। जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण (जीएसटीएटी) लखनऊ पीठ एवं उत्तर प्रदेश जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में जीएसटीएटी में अपीलों की ई-फाइलिंग विषय पर ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य कर पेशेवरों को नव प्रारंभ किए गए ई-फाइलिंग पोर्टल और उसकी प्रक्रिया की जानकारी देना था। कार्यक्रम में जीएसटीएटी लखनऊ पीठ के न्यायिक सदस्य संतोष कुमार श्रीवास्तव, नरेंद्र कुमार, तकनीकी सदस्य (केंद्र) आलोक चोपड़ा तथा तकनीकी सदस्य (राज्य) अरविंद कुमार सहित संयुक्त पंजीयक अर्निका यादव, सहायक पंजीयक आशीष वर्मा एवं एनआईसी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए कुमार सौरव ने बताया कि 30 जून 2026 को अपील दाखिल करने की अंतिम तिथि को देखते हुए यह कार्यशाला आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि नए ई-फाइलिंग पोर्टल के उपयोग में कर पेशेवरों को आ रही तकनीकी व व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए यह पहल की गई। तकनीकी सत्र में सीए ऋषभ मिश्रा ने जीएसटीएटी में ई-फाइलिंग की पूरी प्रक्रिया का चरणबद्ध प्रदर्शन किया। वहीं एनआईसी अधिकारियों ने प्रतिभागियों के तकनीकी प्रश्नों का समाधान किया। वेबिनार में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता, विजयवाड़ा और सलेम सहित देश के विभिन्न शहरों से करीब 200 कर पेशेवरों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे जीएसटीएटी में अपीलों की समयबद्ध और त्रुटिरहित ई-फाइलिंग में मदद मिलेगी।
