पीलीभीत बना 'पेरिस': टांडा गुलाबराय में जर्जर सड़क पर भड़का गुस्सा, सड़क नहीं बनी तो भूख हड़ताल की चेतावनी
पीलीभीत। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद के संसदीय क्षेत्र की ग्राम पंचायत टांडा गुलाबराय में लंबे समय से जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बरसात के चलते सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। नन्हे-मुन्ने बच्चे गंदे पानी में होकर स्कूल और अपने घर जाने को मजबूर हैं, जबकि जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।
समाजवादी छात्र सभा ने SDM को सौंपा ज्ञापन
समाजवादी छात्र सभा के कलीनगर नगर अध्यक्ष अमन अली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी कलीनगर को ज्ञापन सौंपकर कब्रिस्तान से यूसुफ अली के घर तक जाने वाले मार्ग की तत्काल मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि सड़क पर लगातार जलभराव रहने से आवागमन पूरी तरह बाधित है और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद ग्राम पंचायत स्तर पर कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ज्ञापन देने वालों में अमन अली, फारूक, मुमताज, रहमत शाह, शाकीर शाह, अयूब, जाकिर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पूर्व प्रधान की चेतावनी — नहीं बनी सड़क तो होगा अनिश्चितकालीन धरना
गांव के पूर्व प्रधान शेर मोहम्मद ने प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो ग्रामीणों के साथ बीडीओ कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर भूख हड़ताल भी की जाएगी।
पूर्व प्रधान ने बताया कि इसी मार्ग से कब्रिस्तान तक शव ले जाए जाते हैं और जलभराव के कारण अंतिम यात्रा निकालना भी कठिन हो गया है।
प्रशासन का अस्थायी आश्वासन, ग्रामीण चाहते हैं स्थायी समाधान
फिलहाल ग्राम पंचायत अधिकारी ने अस्थायी राहत के तौर पर सड़क पर राबिश और रोड़ा डलवाने का आश्वासन दिया है, लेकिन ग्रामीणों का साफ कहना है कि उन्हें अस्थायी नहीं बल्कि स्थायी समाधान चाहिए।
